शुक्रवार, 14 जून 2019

बैतूल की सड़कें होंगी छायादार

बैतूल नगर को एक व्यक्ति-एक पौधा अभियान के माध्यम से पुरानी पहचान देने की कोशिश की जा रही है. बैतूल में जिला प्रशासन द्वारा प्रयास किए जा रहे है कि नगरीय क्षेत्र की सभी सड़कों के किनारे छायादार पौध लगाकर सड़कों को फिर हरा-भरा बनाया जाए. इस बारे में कलेक्टर ने नगर के सभी व्यापारी संघों के प्रतिनिधियों की बैठक ली. जिसमें यह तय हुआ कि नगर की सभी प्रमुख सड़कों के किनारे, मोक्षधाम परिसर और अन्य जगहों पर करीब 12 हजार छायादार पौधे लगायें जाएंगे. यह भी तय हुआ कि पौधों को रोपने की जिम्मेदारी जिले के विभिन्न व्यापारी संघों की होगी और उसकी सुरक्षा का जिम्मा भी उन्हीं का होगा.
पौधों की प्रजाति का चयन करने के लिए समिति बनाई गई है. नगर को वृक्षों का कारीडोर बनाने के लिए कार्य-योजना बनाकर पौधरोपण का कार्य जनभागीदारी से किया जाएगा. बैठक में यह सुझाव भी आया कि नगर के विभिन्न स्थानों पर सुन्दर पार्क विकसित कर वहाँ सघन छायादार वृक्ष लगाए जाए ताकि, आम व्यक्तियों को स्वच्छ हवा मिल सके. कलेक्टर स्वयं बंगले में 100 पौधों का रोपण कर रहे हैं.
बैतूल नगर में सभी सरकारी कार्यालयों के आस-पास भी सघन पौध-रोपण किए जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं. पेट्रोल पंप ऐसोसिएशन द्वारा नगर के सभी पेट्रोल पंप परिसर में 20-20 पौधों का रोपण किया जाएगा. जिले के सभी कुओं की सफाई के निर्देश स्थानीय निकायों को दिए गए हैं. कुओं को रिचार्ज करने के लिए रिचार्ज पिट बनवाए जा रहे हैं. जिले में रेन वाटर हार्वेस्टिग सिस्टम को भी बढ़ावा दिया जा रहा है.
बैतूल जिले में जल संरचनाओं के माध्यम से 500 करोड़ लीटर पानी को संरक्षित करने की तैयारी जारी हैं. जिले के सभी सार्वजनिक शौचालयों में निरन्तर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की गई है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें