शुक्रवार, 7 जून 2019

कांग्रेस की हार पर मंथन आज, बदलाव पर भी होगी चर्चा

  समीक्षा के साथ निष्क्रिय नेताओं पर गिरेगी गाज

मध्यप्रदेश कांग्रेस की कोर कमेटी की कल शुक्रवार को होने वाली बैठक ेमें लोकसभा चुनाव में मिली कांग्रेस को हार पर मंथन किया जाएगा. इस मंथन के बाद निष्क्रिय नेताओं पर गाज गिरना तय माना जा रहा है. कांग्रेस संगठन ने तय किया है कि समीक्षा के बाद प्रदेश से लेकर ब्लाक स्तर तक बड़े स्तर पर संगठन में बदलाव किया जाए. 
लोकसभा चुनाव में मिली कांग्रेस को हार पर कल कोर कमेटी की बैठक में मंथन होना है. यह बैठक कल 8 जून को होनी है. इस बैठक में हार की समीक्षा के साथ प्रदेश संगठन में होने वाले बड़े स्तर के बदलाव को लेकर मंथन किया जाना है. बताया जा रहा है कि अब तक हुई हार की समीक्षा में करीब एक दर्जन लोकसभा सीटों पर हार की समीक्षा में कई सीटों पर भितरघात की शिकायतें की गई हैं. इन शिकायतों को प्रदेश संगठन ने गंभीरता से लिया है. जिलों से मिली रिपोर्ट के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने संगठन में बड़े फेरबदल के संकेत दिए हैं. साथ ही ब्लाक स्तर तक के निष्क्रिय नेताओं की जानकारी भी प्रदेश संगठन ने एकत्रित की है, इन नेताओं से पद छीनकर दूसरों को पद दिए जाने की कवायद भी की जाएगी. 
यहां उल्लेखनीय है कि लोकसभा चुनाव के पहले कांग्रेस ने पार्टी कार्यकर्ताओं को जोड़ने और उनका उत्साह बरकरार रखने के लिए प्रदेश से लेकर ब्लाक स्तर तक बड़ी कार्यकारिणी का गठन किया था. प्रदेश कार्यकारिणी में तो करीब 12 सौ  पदाधिकारी शामिल किए गए थे. इसके अलावा प्रदेश प्रवक्ताओं की संख्या भी 150 थी. वहीं  जिला और ब्लाक स्तर पर भी जंबो कार्यकारिणी बनाई गई थीं, लेकिन लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की उम्मीद के एकदम उलट परिणाम आया. सूत्रों की माने तो कांग्रेस ने अब नई कार्यकारिणी के गठन का खाका अलग तैयार किया है. इसके अनुरुप ही कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा. बैठक में राज्य में होने वाले नगरीय निकाय चुनाव को लेकर भी चर्चा होगी. इस चुनाव को देखते हुए नगरीय क्षेत्रों में संगठन को मजबूत किए जाने की कवायद की जा रही है. 
सिंधिया के बैठक में शामिल होने पर संशय
कोर कमेटी के सदस्य पूर्व सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के इस बैठक में उपस्थित रहने पर संशय बना हुआ है. उन्होंने अपना दौरा एक बार फिर निरस्त कर दिया है, इसके चलते संभावना यह जताई जा रही है कि वे कल होने वाली बैठक में शामिल नहीं होंगे. इसके पूर्व सिंधिया का एक दौरा अपने क्षेत्र गुना-शिवपुरी दौरे का भी रद्द कर दिया गया था. तब दिल्ली में हो रही बैठकों को कारण बताया था. सिंधिया के अलावा कोर कमेटी के सदस्य और प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी दीपक बावरिया, मुख्यमंत्री कमलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंंह, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह इस बैठक में शामिल होंगे.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें