शुक्रवार, 7 जून 2019

किसानों का राजनीतिक उपयोग करती रही है कांग्रेस


 कांग्रेस कभी भी किसानों की हितैषी नहीं रही है. उसकी दिलचस्पी तो किसी भी तरह किसानों को भड़काकर राजनीतिक उद्देश्यों के लिए उनका इस्तेमाल करने में रही है. 
यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राजपाल सिंह सिसौदिया ने कही. सिसौदिया ने कहा कि कांग्रेस ने मंदसौर की घटना का पूरा-पूरा इस्तेमाल अपने राजनीतिक हितों के लिए किया, लेकिन अब उसने उन्हीं किसानों को भुला दिया है. उन्होंने कहा कि मंदसौर की घटना के बाद पहले कांग्रेस ने किसानों को भड़काकर प्रदेश में अराजकता की स्थिति बनाने का प्रयास किया, फिर भाजपा सरकार की छवि खराब करने की कोशिश की.  सिसौदिया ने कहा कि मंदसौर जिले की जनता और किसान कांग्रेस की हथकंडेबाजी पहचान गए थे, इसलिए उन्होंने विधानसभा चुनाव में ही कांग्रेस के मनसूबों पर पानी फेर दिया था. उन्होंने कहा कि किसानों के प्रति कांग्रेस कितनी संवेदनशील है, इसका अंदाज इस तथ्य से लगाया जा सकता है कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंदसौर की घटना की पहली बरसी पर कर्जमाफी की घोषणा की थी. 10 दिनों में कर्जमाफी न होने पर मुख्यमंत्री को हटा देने की बात कही थी. लेकिन कांग्रेस ने सरकार बनने के बाद न तो कर्जमाफी की है और न ही मुख्यमंत्री को हटाया. उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी मंदसौर ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के किसानों के साथ खड़ी है और अगर कांग्रेस की सरकार अपने वादे पूरे नहीं करती है, तो वह किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर उनकी लड़ाई लड़ने को तैयार है. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें