मंगलवार, 18 जून 2019

मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों को मुख्यमंत्री ने बताया अफवाह

 मुख्यमंत्री की राज्यपाल से मुलाकात

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात की. राज्यपाल से हुई मुलाकात को उन्होंने सामान्य भेंट बताया और मंत्रिमंडल विस्तार की बातों का अफवाह करार दिया. 
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज सुबह राजभवन पहुंचकर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात की. करीब 25 मिनट तक हुई चर्चा को उन्होंने सामान्य भेंट बताया. उन्होंने कहा कि इस दौरान उनकी राज्यपाल से मध्यप्रदेश के विकास की योजनाओं को लेकर चर्चा हुई है. उन्होंने बताया कि मंत्रिमंडल विस्तार की बातों में कोई दम नहीं है, यह केवल अफवाह है. मैंने अब तक इस बारे में सोचा भी नहीं है. उन्होंने इन बातों को मीडिया की उपज करार दिया. 
यहां उल्लेखनीय है कि मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर एक पखवाड़े से चर्चाएं हो रही है. इसी के चलते मुख्यमंत्री कमलनाथ द्वारा जब एक पत्र यूपीए की चेयर पर्सन सोनिया गांधी को लिखा गया तो सिंधिया समर्थक मंत्री चिंतित हुए. उन्होंने श्रम मंत्री महेन्द्र सिंह सिसोदिया के निवास पर एक भोज का आयोजन किया. बताया जाता है कि यहां पर हुई चर्चा में सिंधिया समर्थक मंत्री चिंतित थे. उनमें मंत्रिपद से हटाए जाने को लेकर चिंता थी. हालांकि मीडिया में मंत्रियों ने कहा कि अधिकारियों को लेकर चर्चा हुई है. सिंधिया समर्थक मंत्रियों का कहना था कि इस भोज के दौरान मंत्रियों का दुख यह था कि उनकी पसंद के अधिकारियों को उनके विभाग में पदस्थ नहीं किया जा रहा है. अधिकारी वो ही सुनते हैं, जो मुख्यमंत्री कहते हैं. मंत्रियों की पीड़ा इस बात की थी कि उनकी अधिकारी सुनते नहीं है. वे जब मुख्यमंत्री से इस बारे में चर्चा करने के लिए समय मांगते हैं, तो मुख्यमंत्री इस बारे में चर्चा नहीं करते हैं.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें