बुधवार, 26 जून 2019

प्रोफेशनल तरीके से काम करे पुलिस


पुलिस अमला प्रोफेशनल तरीका (व्यवसायिक दृष्टिकोण) अपनाकर अपने काम-काज को अंजाम दे. इससे बेहतर ढंग से कानून का पालन होगा. साथ ही पुलिस के प्रति समाज में सम्मान एवं विश्वास भी बढ़ेगा.
 इस आशय के निर्देश पुलिस महानिदेशक  विजय कुमार सिंह ने पुलिस के मैदानी अमले को दिए.  सिंह ने  पुलिस मुख्यालय से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश भर के पुलिस महानिरीक्षक, उप महानिरीक्षक, पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी एवं थाना प्रभारियों से सीधा संवाद किया. उन्होंने कहा पुलिस अमला पूरी निडरता के साथ काम करे, पर ऐसा करना तभी संभव होगा जब पुलिसिंग का काम व्यवसायिक दृष्टिकोण के साथ किया जाएगा. 
पुलिस महानिदेशक ने निर्देश दिए की प्रदेश के हर पुलिस थानें में प्रतिदिन शाम को अनिवार्यत: गणना की जाए. साथ ही पुलिस मुख्यालय द्वारा बेसिक पुलिसिंग के संबंध में जारी किए गए निर्देश पढ़कर सुनाए जाएं. उन्होंने सभी पुलिस अधीक्षको व थाना प्रभारियों को हिदायत दी कि प्रत्येक आरक्षक सहित अपने अधीनस्थ अमले से जीवंत संवाद रखें. दिनभर की गतिविधियों की जानकारी लेकर उसे पुलिस मुख्यालय से साझा करें. सिंह ने थाने में अनुशासन बनाए रखने पर विशेष जोर दिया. साथ ही कहा कि पुलिस थाने में फरियाद लेकर आने वाला व्यक्ति साधारणत: सामान्य मानसिक स्थिति में नहीं होता, इसलिए पुलिस अमला संवेदनशीलीता, विनम्रता और धैर्यपूर्वक उसकी बात सुने. इसी तरह आरोपी के साथ भी व्यवसायिक दृष्टिकोण अपनाकर पूछताछ करें. उन्होंने कहा कि पुलिस शब्दावली सदैव अच्छी रहना चाहिए. 
सर्वोच्च न्यायालय द्वारा पुलिसिंग के संबंध में जारी गाइड लाइन का पुलिस थानों में कड़ाई से पालन करने पर पुलिस महानिदेशक ने विशेष बल दिया. उन्होंने पुलिस महानिरीक्षकों को व पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए कि वे थानों का नियमित निरीक्षण करें और उसका फीड बैक भी दें. साथ ही यह भी निर्देश दिए कि पुलिस अमले की समस्याओं का समाधान भी पूरी संवेदनशीलता के साथ किया जाए . उन्होंने पुलिस थानों में डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल करने के भी निर्देश दिए. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें