शुक्रवार, 6 अक्टूबर 2023

भोपाल में बनेगा गुफा लोक, शीश महल में बनेगी पार्किंग

मुख्यमंत्री ने राजधानी के गुफा मंदिर परिसर में विकास कार्यों का किया भूमिपूजन

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज राजधानी में गुफा लोक बनाने की घोषणा की। उन्हों
ने कहा कि गुफा मंदिर परिसर में मानस भवन का निर्माण तो होगा ही, साथ ही यहां पर गुफा लोक भी बनाया जाएगा। 

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नगर पालिक निगम भोपाल और भोपाल विकास प्राधिकरण के 566 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का गुफा मंदिर परिसर लाल घाटी में भूमि-पूजन किया। इसके अंतर्गत गुफा मंदिर परिसर में 35 करोड़ की लागत से बनने वाले मानस भवन सहित मिसरोद-बर्रई-बगली सड़क, रक्षा विहार चरण-3, नगर विकास योजना, एयरोसिटी चरण-2 नगर विकास योजना, एयरोसिटी चरण-1 में 43 एमआईजी, 61 एलआईजी तथा 96 मल्टीयूनिट प्रकोष्ठों के निर्माण, सीएम राइज स्कूल परियोजना के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बर्रई और सरदार वल्लभ भाई पटेल, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करोंद के भवन निर्माण का भूमि-पूजन किया गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि गुफा मंदिर में मानस भवन का निर्माण तो होगा ही, इसके साथ ही गुफा लोक भी बनाया जायेगा। चौहान ने गुफा लोक की योजना बनाने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने कहा कि पुराने भोपाल में पार्किंग व्यवस्था को सुगम बनाने के उद्देश्य से मोती मस्जिद के पास स्थित शीश महल में पार्किंग बनाई जाएगी। इससे पुराने भोपाल के बाजारों के व्यापारियों एवं खरीददारों को सुविधा होगी और व्यापार व्यवसाय को प्रोत्साहन मिलेगा। 

लाड़ली बहनों के खातों में जमा कराई राशि

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कुशाभाउ ठाकरे सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पीएम उज्जवला योजना हितग्राही और गैर उज्ज्वला लाड़ली बहनों के लिए 450 रुपए में गैस रिफिल योजना की 219 करोड़ अनुदान राशि, 36 लाख से अधिक बहनों के खातों में सिंगल क्लिक से अंतरित की। बहनों को प्रतिमाह 450 रूपए में सिलेंडर उपलब्ध कराने की स्थाई व्यवस्था कर दी गई है। गैस सिलेंडर की कीमत और 450 रूपए के बीच के अंतर की राशि राज्य सरकार द्वारा भरवायी जाएगी। बहनों को गैस कंपनी को उतनी ही राशि का भुगतान करना होगा जितनी राशि का गैस सिलेंडर है। गैस कंपनी के गैस सिलेंडर की कीमत और 450 रुपये के बीच के अंतर की राशि बहनों के खाते में राज्य शासन द्वारा जारी की जाएगी।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें