बुधवार, 4 जुलाई 2018

प्रेमिका के घर जाकर प्रेमी ने खुद को मारी गोली

भाजयुमो नेता जिंदगी और मौत के बीच कर रहा संंघर्ष

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के शिवाजी नगर इलाके में बीती रात जल संसाधन विभाग के एक अधिकारी के घर में घुसकर भारतीय जनता युवा मोर्चा के एक नेता ने खुद की कनपटी पर गोली मार ली. अधिकारी की बेटी और युवक 12 साल से एक दूसरे से प्रेम करते थे.  दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन युवती के पिता तैयार नहीं थे. युवक  शादी की बात करने ही युवती के घर पहुंचा था. युवक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है. 
घटना से ठीक पहले युवक ने अपनी फेसबुक पर लड़की से उसके रिश्तों को लेकर काफी बड़ी पोस्ट भी लिखी, जिसे पढ़कर लगता है कि युवक शादी को लेकर फैसले की नीयत से ही युवती के घर पहुंचा था. गोली लगते ही युवक मौके पर ही गिर गया. खून से लथपथ हालत में उसे पास के ही निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.  घटना स्थल पर मौजूद व आसपास रहने वाले लोगों के अनुसार 27 वर्षीय अतुल लोखंडे भारतीय जनता युवा मोर्चा का भोपाल के अरेरा मंडल का उपाध्यक्ष है. बीती रात करीब सवा नौ बजे वह अपने मामा के साथ आल्टो कार से शिवाजी नगर स्थित घटना स्थल पर पहुंचा. जहां उसने लड़की के घर के दरवाजे पर ही उसके पिता से शादी को लेकर बात की, इस दौरान लड़की भी मौजूद थी. बातचीत में हल्की नोकझोक हुई, युवती के पिता ने शादी से इंकार कर दिया. यह सुनते ही युवक ने कमर से देशी पिस्टल निकालकर खुद को कनपटी में गोली मार ली. गोली लगते ही अतुल मौके पर ही लहुलुहान होकर गिर गया. जिसे तत्काल पास के ही निजी अस्पताल में ले जाया गया. जहां पर उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. भाजयुमो के नेता अतुल और जल संसाधन विभाग के अधिकारी की बेटी के बीच में करीब 12 साल से प्रेम प्रसंग था. दोनों को कई बार एक साथ घूमते भी देखा गया, लेकिन कुछ दिन से लड़की के पिता ने अतुल से बेटी से मिलने पर बंदिश लगा दी थी, उनको बेटी से युवक का मिलना जुलना पंसद नहीं था.
नाजुक है हालत
अस्पताल में भर्ती अतुल जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है. अतुल की हालत नाजुक बनी हुई है. उसे वैंटीलेटर पर रखा गया है. गोली सिर में ही फंसी रह गई और उसने बुरी तरह अतुल के दिमाग को जख्मी कर दिया है.  चिकित्सकों का कहना है कि हालत अभी गंभीर है, क्योंकि मरीज को ब्रेन इंजरी है.
मां ने कहा पूरे परिवार पर हो कार्रवाई
अतुल लोखंडे की मां सुनंदा लोखंडे ने पुलिस से लड़की के पूरे परिवार पर कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि अगर वे चाहते तो मेरे बेटे को बचा सकते थे. घटना के वक्त उनके घर के सदस्य मौजूद थे और ये सदस्य अतुल को गोली चलाने से रोक सकते थे. वहीं सुनंदा बार-बार अपने बेटे की जिंदगी के लिए भगवान से दुआ कर रही है.
मेरी बेटी नहीं चाहती थी अतुल से शादी करना
लड़की के पिता जी.एस.मेहरा ने बताया कि अतुल लंबे समय से उनकी बेटी जो विदिशा जिले में एसबीआई बैंक में नौकरी करती है, को परेशान कर रहा था. वह हर रोज अप-डाउन करती है, जिसे लेने वह स्वयं जाते हैं. इस दौरान अतुल ने कई बार उनका पीछा कर बात करने की कोशिश की. उसने मेरी लड़की से शादी करने की मंशा जाहिर की. मेरी बेटी उससे शादी नहीं करना चाहती थी. आठ दिन पहले अतुल अपनी मां व भाई को साथ लेकर घर आया था, तब भी बेटी ने शादी करने से इंकार कर दिया था. वह अपनी लड़की की मर्जी अनुसार अतुल से उनकी बेटी से दूरी बनाने की नसीहत देते रहे. आठ दिन पहले इंकार सुनने के बाद अतुल ने उनके घर जबरिया हंगामा किया था. मंगलवार रात सवा नौ बजे करीब जब वह अपनी  कार से घर पहुंचे अतुल बाहर खड़ा था. अतुल को देख उनकी बेटी ने उन्हें अंदर चलने को कहा, इसी बीच अतुल ने बात करने दबाव उनपर बनाया. बात करने से इंकार के बाद अतुल ने पिस्टल निकालकर खुदको गोली मार ली.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें