पहले दिन किया 400 रुपए का व्यवसाय मध्यप्रदेश के गुना जिले के बजरंगगढ़ की सुहाना महिला स्व सहायता समूह अब जिला कार्यालय परिसर में चलाएंगी अपना सुहाना कैफे. इसका विधिवत शुभारंभ कलेक्टर विजय दत्ता की उपस्थिति में रिबिन काट कर एवं पूजा अर्चन उपरांत किया. जिला प्रशासन द्वारा नवाचार के तौर पर प्रारंभ कराई गई जिले में किसी महिला स्व सहायता समूह द्वारा संचालित यह पहला कैफे है.
इस अवसर पर उन्होंने समूह की महिला सदस्यों से कैफे में स्वच्छता रखने, प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने, ज्यादा मुनाफा कमाने के चक्कर में नहीं पड़ने तथा गुणवत्ता से समझौता नहीं करने समझाईस भी दी. उन्होंने कहा कि अच्छे से काम करें. कैफे का प्रबंधन बेहतर तरीके से करें. कार्य अच्छा और गुणवत्तापूर्ण होने पर जिला प्रशासन पूरी मदद करेगा. मध्यप्रदेश दीन दयाल अन्त्योदय योजना राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की बजरंग गढ की सुहाना स्व सहायता समूह की सदस्य भी अपनी कैफे के शुरू होने से काफी उत्साहित दिखीं और पूरी लगन से अपने इस नए व्यवसाय की प्रगति के लिए कोई कसर नहीं रखने का भरोसा दिलाया.
सुहाना समूह की सदस्य रानी माली एवं किरण कुशवाहा ने बताया कि डेढ साल पहले जब वे समूह से नहीं जुडी थीं तब रोजाना उनकी साथी महिलाएं दैनिक मजदूरी में लोगों के यहां शादी विवाह आदि कें अवसर पर खाना बनाने और पूडी बेलने जाया करतीं थी. देर रात होने पर समस्याएं आती थीं और मेहनत के हिसाब से उतना रूपया भी नहीं मिलता था. अब उन्हें स्थाई ठिकाना मिल गया है. माली ने कहा कि वे केन्टीन के लिए जरूरी दोने आदि वे महिला स्व सहायता समूह से ही खरीदेंगी ताकि उन्हें भी जिला प्रशासन के प्रयासों का लाभ मिले. श्रीमती रानी माली 8वीं और किरण कुशवाहा 12 उत्तीर्ण है.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें