शुक्रवार, 27 जुलाई 2018

दहेज की मांग को लेकर ससुराल वालों ने किया प्रताड़ित


राजधानी के ऐशबाग थाना क्षेत्र में दहेज मांग को लेकर एक विवाहिता को प्रताड़ित किए जाने का मामला सामने आया है. रोजाना की प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस के अनुसार आफरीन सैयद पिता सैयद परवेज की शिकायत पर आरोपी अनस, शाहना बेग, नसरुल्ला खां और शना के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.  आफरीन सैयद ने आरोप लगाया कि  शादी के बाद से उसके ससुराल वाले 10 लाख रुपए के दहेज की मांग कर रहे हैं. आफरीन जब उनकी मांग पूरा नहीं कर पाई तो मानसिक और शारीरिक रुप से प्रताड़ित करना शुरु कर दिया. रोजाना की प्रताड़ना से तंग आकर आफरीन ने थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई.  पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज करने के बाद से विवेचना शुरू की जा चुकी है. विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा. 
चोरी की योजना बनाते पकड़ाया
पिपलानी थाना पुलिस ने बताया कि मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर बीती दो संदेहियों को बीएचईएल के गेट नंबर पांच के पास से हिरासत में लिया गया. संदेहियों की पहचान देवेन्द्र और राजकुमार के रूप में हुई है. पुलिस का कहना है कि पूछताछ में संदेहियों द्वारा बताया गया कि वह इलाके में चोरी करने की योजना बना रहे थे. आरोपियों के कब्जे से तेजधार हथियार और अन्य औजार बरामद किए गए हैं.  पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.
नाबालिग लापता
गोविंदपुरा थाना पुलिस के अनुसार अन्ना नगर निवासी दिनेश अव्हाट की पुत्री रूपाली अव्हाट, बीते बुधवार से लापता है. रूपाली के अचानक घर से लापता हो जाने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश आसपास के इलाकों में की, लेकिन पता नहीं लग पाया. बाद में परिजनों ने थाने पहुंचकर रूपाली की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस का कहना है कि चूंकि लापता हुई रूपाली नाबालिग है, इसलिए अपहरण का मामला दर्ज किया गया है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें