मंगलवार, 24 जुलाई 2018

दबाव बनाकर सीट बढ़वाना चाहते हैं अखिलेश

 सपा गठबंधन पर 28 के बाद करेगी फैसला
मध्यप्रदेश में समाजवादी पार्टी कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर असमंजस की स्थिति में है. उत्तरप्रदेश से निकलकर दूसरे राज्यों में अपना वजूद पैदा करने के लिए सपा प्रमुख मध्यप्रदेश में गठबंधन कर अधिक सीटें लेने की इच्छा रखते हैं, मगर पिछले चुनाव में मत प्रतिशत कम होने से उन्हें यह कम सीटें मिलने की उम्मीद है. यही वजह है कि वे कांग्रेस पर दबाव बनाने की रणनीति के तहत काम कर रहे हैं. मध्यप्रदेश में गठबंधन किन शर्तों पर हो इसका फैसला वे 28 जुलाई को लखनऊ में होने वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में करेंगे.
मध्यप्रदेश में समाजवादी पार्टी से कांग्रेस के गठबंधन की बातें तो चली, मगर कांग्रेस की ओर से अभी स्पष्ट स्थिति नहीं हुई. लेकिन समाजवादी पार्टी इसके लिए दबाव के तहत राजनीति कर रही है. हाल ही में प्रदेश दौरे पर आए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव वैसे तो गठबंधन को लेकर कुछ नहीं बोले, मगर वे जिन नेताओं से मिले, उससे यह संकेत जा रहे हैं कि वे गठबंधन के लिए कांग्रेस पर दबाव बना रहे हैं. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजीज कुरैशी और अरुण यादव से उनकी मुलाकात हुई. इन नेताओं के अलावा वे हार्दिक पटेल, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के हीरासिंह मरकाम से भी मिले. उनकी इन मुलाकातों को कांग्रेस के ऊपर दबाव के रुप में देखा जा रहा है. अजीज कुरैशी लंबे समय से प्रदेश संगठन में अपनी उपेक्षा को लेकर नाराज है, तो अरुण यादव प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद से नाराज हैं. इसी तरह गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के हीरासिंंह मरकाम करीब-करीब कांग्रेस से गठबंधन की चर्चा कर चुके हैं, मगर अखिलेश से उनकी मुलाकात भी चर्चा का विषय बन गई है. हालांकि हीरासिंंह की इस मुलाकात के बाद पार्टी का दूसरा धड़े के नेता मनमोहन शाह बट्टी और गुलराज मरकाम नाराज हैं.
सूत्रों की माने तो प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ पर दबाव बनाने के लिए अखिलेश ये कदम उठा रहे हैं. माना जा रहा है कि सपा की वर्तमान स्थिति को देखते हुए कांग्रेस 2 से 3 सीट उसे दे सकती है. इस स्थिति को भांप कर अखिलेश अपना दबाव बना रहे हैं.
28 के बाद गठबंधन पर फैसला
समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गौरी यादव का कहना है कि कांग्रेस के गठबंधन को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ही फैसला करेंगे. इस माह की 28 तारीख को लखनऊ में होने वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में वे इस संबंध में प्रदेश संगठन से चर्चा करेंगे. इसके बाद यह तय किया जाएगा कि सपा के पक्ष में कितने और किस क्षेत्र की सीटें कांग्रेस से आएं. यादव ने कहा कि कितनी सीटों पर गठबंधन होगा इस बात का फैसला भी अखिलेश ही करेंगे.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें