मंगलवार, 31 जुलाई 2018

अदालत की तीसरी मंजिल से गिरा वकील, हो गई मौत


राजधानी भोपाल की जिला अदालत में आज मंगलवार दोपहर उस समय अफरा तफरी मच गई जब एक एडवोकेट कोर्ट परिसर की तीसरी मंजिल से नीचे जा गिरा. 
 मिली जानकारी के अनुसार भोपाल कोर्ट के मेनगेट के ठीक ऊपर की तीसरी मंजिल से गिरने के कारण एडवोकेट अनिल राजन बुरी तरह घायल हुए थे. घायल अवस्था में एडवोकेट अनिल राजन को इलाज के लिए शासकीय जेपी अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में इलाज के दौरान एडवोकेट अनिल राजन की मौत हो गई.  राजन की अदालत परिसर से कूदे जाने के मामले में अलग-अलग लोग अलग-अलग बातें कर रहे हैं. एक एडवोकेट का कहना है कि अनिल राजन गुटखा थूकने के बहाने खिड़की की तरफ झुके और अनियंत्रित होकर जमीन पर जा गिरे. 
दूसरे एडवोकेट ने बताया कि अनिल राजन खिड़की बंद होने का सोचकर पीछे से उस पर टिकने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन कांच खुला होने के कारण वह नीचे गिर गए. किसी अन्य का कहना है कि अनिल राजन को धक्का देकर नीचे गिराया गया है. अब इन बातों में कितनी सच्चाई है, इस बात का पता पुलिस जांच में लग पाएगा. महाराणा प्रताप नगर थाना टीआई उपेन्द्र भाटी ने  बताया कि इस मामले की जांच की जा रही है. जांच के आधार पर ही इस बात की पुष्टि हो पाएगी की एडवोकेट अनिल तीसरी मंजिल से स्वयं कूदे हैं, या फिर उन्हें धक्का दिया गया है. जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें