![]() |
| जुगनजीत सिंह बरार |
राजधानी के महाराणा प्रताप नगर स्थित निजी कंपनी के संचालक ने रायसेन के गल्ला व्यापारी को 72 लाख का चूना लगा दिया. आरोपियों ने गल्ला व्यापारी से 10 ट्रक तुअर दाल ली थी. संचालक ने जो बैंक चेक व्यापारी को दिए थे, वे सभी बाउंस हो गए. वहीं, पुलिस ने मुख्य संचालक को हिरासत में लिया है.
महाराणा प्रताप नगर पुलिस के मुताबिक अखिलेश सिंह ठाकुर पुत्र सरदार सिंह ठाकुर ग्राम अमरावद कला थाना बाड़ी रायसेन के रहने वाले हैं. वे गल्ला के व्यापारी हैं और रायसेन में राजाभैया ट्रेडर्स के नाम से कंपनी चलाते हैं. चार महीने पहले मार्च महीने में भोपाल निवासी तीन लोग उनके पास पहुंचे और खुद की कंपनी के माध्यम से गल्ले का थोक व्यापार करना बताया. उनका कहना था कि मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में वे गल्ला भेजते हैं. अखिलेश ने भोपाल आए तो तीनों ने उन्हें जोन क्रमांक दो महाराणा प्रताप नगर स्थित हाई वैल्यू फ्रूट स्टोर प्रायवेट लिमिटेड कंपनी का अपना कार्यालय दिखाया. इस कंपनी के मुख्य संचालक जुगनजीत सिंह बरार निवासी गोल्डन सिटी मिसरोद हैं, जबकि अलीमुद्दीन शेख और जुनैद खां को उन्होंने कंपनी का पार्टनर बताया था. कंपनी देखने के बाद अखिलेश माल की सप्लाई के लिए तैयार हो गए तो दोनों के बीच अनुबंध किया गया. इसके बाद अखिलेश ने अलग-अलग समय पर कुल दस ट्रक तुअर दाल बरार की कंपनी को सप्लाई की गई. करीब आठ ट्रक दाल सतना जिले के उंचेहरा स्थित एक कोल्ड स्टोरेज में पहुंचाई गई थी, जबकि दो ट्रक अन्य स्थानों पर सप्लाई की गई.
अखिलेश ने पुलिस को बताया कि 95 लाख 67 हजार रुपए कीमत की दाल सप्लाई करने के बाद कंपनी द्वारा उन्हें केवल 23 लाख रुपयों का भुगतान किया गया. बाकी भुगतान के लिए जब दबाव बनाया गया तो कंपनी ने उन्हें बीस लाख रुपये का चेक दिया जो बाउंस हो गया. इसके चार और चेक दिए गए, वह भी बाउंस हो गए. परेशान होकर उन्होंने इस मामले की शिकायत भोपाल डीआईजी से की. डीआईजी के निर्देश पर महाराणा प्रताप नगर पुलिस ने शिकायत की जांच कर कंपनी संचालक जुगनजीत समेत तीनों लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें