नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने प्रदेश की जनता को सचेत किया है कि शिवराज सरकार जो भी घोषणाएं कर रही है उसमें आपकी चिंता नहीं वे येन-केन-प्रकारेण आपका वोट हथियाने की चिंता है. उन्होंने सवाल किया कि जिन गरीबों को वे आज सुख सुविधाएं दे रहे क्या वे गरीब पिछले 14 साल से इस प्रदेश के नागरिक नहीं थे. सिंह ने प्रदेश की जनता से कहा कि अब बहुत हो गया. तवे पर एक ही तरफ जो रोटी रखी है वह जल गई है, उसे पलटने का वक्त आ गया है. सिंह कटनी जिले के विजय राघवगढ़ में अपनी दो दिवसीय पांचवीं न्याय यात्रा के समापन सभा पर बोल रहे थे. उन्होंने कहा कि भाजपा में आज कोई विचारधारा नहीं है. वहां एक ही धारा है वह है नोट की धारा. नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि गरीबों की चिंता करने वाले शिवराज जी ढ़ोंग न करें. उस कांग्रेस की आलोचना न करे जिसने हमेशा गरीबों, मजबूरों के हित की पार्टी रही है कांग्रेस. भाजपा किसकी पार्टी थी और किसकी पार्टी है इसके बारे में बताने की जरूरत नहीं सभी लोग जानते हैं. सिंह ने कहा कि झुग्गी-झोपडियों में रहने वाले लोगों ने मुक्त बिजली की दरकार नहीं की थी लेकिन तत्कालीन मुख्यमंत्री स्वर्गीय अर्जुन सिंह की सरकार ने एक दिन में ही मुफ्त बिजली कनेक्शन दिया था. यहीं नहीं एक कानून बनाकर गरीबों को रातोंरात जिस मकान में रह रहे थे उसका मालिक बना दिया था. तेदूंपत्ता तोड़ रहे श्रमिकों को एक कानून बनाकर मजदूर से मालिक बना दिया था. यह निर्णय चुनावी साल के 6 महीने पहले नहीं दिए थे बल्कि चुनाव जीतने के दूसरे-तीसरे साल में ही लिए थे. शिवराज सरकार 14 साल तक गरीबों को, किसानों को बिजली बिल न भरने पर जेल भेजती रही और अब वह 200 रूपए बिल माफी का नाटक कर रही है. क्योंकि उसे आपके बेहतर जीवन की नहीं किसी तरह आपका वोट हथिया ले इसकी चिंता सता रही है.
खदान, जुर्माना बचाने हुआ पाठक का दिल-बदल
सिंह ने कटनी जिले का उदाहरण दिया, कहा कि 2013 के विधानसभा चुनाव में विजय राघवगढ़ के विधायक संजय पाठक हेलीकाप्टर से घूम-घूमकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ, उनकी सरकार के खिलाफ चुनाव प्रचार कर रहे थे, वहीं शिवराज और वहीं भाजपा 2014 में अचानक विकास की मसीहा हो गई. उनका यह दल-बदल जनता की चिंता से नहीं हुआ, क्षेत्र के विकास के लिए नहीं हुआ. उनका यह दिल-बदल डेढ़ सौ करोड़ के जुर्माने को बचाने, खदान को बचाने और मंत्री पद पाने को हुआ है.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें