
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि बेलदार समाज के जाति प्रमाण पत्र बनाने के लिये सीहोर, रायसेन और भोपाल में शिविर लगाये जायेंगे. समाज को हर जायज हक मिलेगा.
चौहान आज मुख्यमंत्री निवास परिसर में मध्यप्रदेश बेलदार समाज के महासम्मेलन को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने इस मौके पर समाज की छात्रा साक्षी कामराय और छात्र अंश गिरि को सम्मानित किया. सामान्य प्रशासन एवं अनुसूचित जाति कल्याण राज्य मंत्री लाल सिंह आर्य भी इस मौके पर मौजूद थे. मुख्यमंत्री चौहान ने बेलदार समाज के लोगों से संबल योजना में पंजीयन कराने का अनुरोध किया. उन्होने बताया कि इस योजना में 200 रुपए फ्लैट रेट पर बिजली और बच्चों की शिक्षा के लिये फीस राज्य सरकार द्वारा भरवाने जैसे अनेक कल्याणकारी प्रावधान किये गये हैं, ताकि गरीब परिवार मान-सम्मान के साथ जीवन बिता सकें. उन्होंने कहा कि समाज के भवन के लिये भूमि आवंटन आवेदन पर नियमानुसार सहानभूतिपूर्वक विचार किया जायेगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि बहनों, बेटियों के प्रति आदर भाव रखें. बेटा-बेटी में भेदभाव नहीं करें, दोनों को समान रूप से शिक्षा दिलवायें. मुख्यमंत्री ने उपस्थित माताओं-बहनों को रक्षा-बंधन पर्व की अग्रिम शुभकामनाऐं दीं.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें