बुधवार, 25 जुलाई 2018

शादी का झांसा देकर युवती से किया दुष्कर्म

शादी का झांसा देकर एक युवती के साथ युवक ने शारीरिक संबंध बनाए. युवती ने जब शादी के लिए युवक से कहा तो उसने युवती को धमकी दी और शादी करने से इंकार कर दिया. बाद में युवती ने थाने जाकर युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस के अनुसार राजधानी के महाराणा प्रताप नगर थाना क्षेत्र में एक युवती घरों में काम करती है. उसकी पहचान रजा खान नामक युवक से हुई. युवती को रजा ने पहले तो बहला-फुसलाकर उससे शादी करने का वादा किया. इसके बाद युवती को एक दिन अपने दोस्त के कमरे में ले गया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए. इसके बाद रजा खान युवती को कई बार कमरे पर ले गया और उसे शादी करने का वादा करता और शारीरिक संबंध बनाता. युवती ने जब शादी के लिए रजा खान से कहा तो वह शादी करने से मुकर गया और युवती को जान से मारने की धमकी दी. बाद में डरी-सहमी युवती ने थाने जाकर रजा खान के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. आरोपी शिकायत के बाद से फरार है.
नाबालिग लापता
अयोध्या नगर थाना पुलिस के अनुसार अयोध्यानगर में मकान नंबर ईडब्ल्यूएस 228 एफ-सेक्टर निवासी रघुवीर सिंह की 17 वर्षीय पुत्री निकिता साहू, बीते सोमवार से लापता है. निकिता के अचानक घर से लापता हो जाने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश आसपास के इलाकों में की, लेकिन पता नहीं लग पाया. बाद में परिजनों ने थाने पहुंचकर निकिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस ने अपहरण का प्रकरण दर्ज कर लिया है.
सूने आवास से चोरी
पुलिस का कहना है कि फरियादी नीलेश साहू, बीते सोमवार को अपने परिवार के साथ शहर से बाहर गए हुए थे. वे जब घर वापस लौटे, तो मकान के मुख्य दरवाजे के ताले को टूटा हुआ पाया.  पुलिस का कहना है कि चोरों ने मकान के अंदर रखे 6 मोबाइल फोन, सोने—चांदी के जेवर, 20 हजार रुपए नगद समेत कुह 90 हजार रुपए कीमत का सामान चुराया है. मामला दर्ज करने के बाद से अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें