पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को होशंगाबाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को लेकर बड़ा बयान दिया है. सिंधिया ने कहा कि दोनों को लोकतंत्र का गला घोंट रहे हैं. केंद्र और राज्य की यह दोनों सरकारें नाकाम साबित हुई हैं. प्रजातंत्र का गला घोंटना इनकी आदत बन गया है.
सिंधिया ने कहा कि केंद्र में लोकतंत्र का गला घोंटने का काम मोदी सरकार कर रही है और मध्यप्रदेश में शिवराज सरकार. यह चार साल से खामोश बैठे थे और किसान आत्महत्या कर रहे थे. आखिरी साल में चुनाव से पहले समर्थन मूल्य का झुनझुना थमा रहे हैं, लेकिन जनता सब जानती है. सिंधिया ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान जनता और सरकार के धन पर जन आशीर्वाद यात्रा निकाल रहे हैं. इसके बाद खुद का गुणगान करते हैं, जबकि पूरे देश में भ्रष्टाचार चरम पर है. बलात्कार की घटनाएं हो रही हैं. किसान फांसी लगा रहे हैं. बेरोजगारी बढ़ी है. दलित और आदिवासियों पर अत्याचार हो रहे हैं. स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था बुरी तरह लडखड़ा चुकी है, लेकिन शिवराज आशीर्वाद मांग रहे हैं, जबकि उन्हें इसकी जगह जनता से किए गए वादे पूरा नहीं करने और उनकी सेवा नहीं कर पाने के कारण क्षमावाणी यात्रा निकालनी चाहिए.
भाजपा कर रहे अवैध रेत खनन
सिंधिया ने कहा कि रेत खनन माफिया पर सरकार का ठप्पा लगा है. सारे भाजपा नेता ऊपर से नीचे तक मिले हुए हैं. नदियां खोद रहे हैं. मां नर्मदा के संरक्षण की बात करते हैं लेकिन उसी नदी को खोदने में लगे हैं. छह करोड़ पौधे लगाने का दावा करत हैं, लेकिन दोनों तटों पर एक भी पौधा नजर नहीं आता. मैंने पूरी दुनिया में कहीं नहीं देखा कि नदी खोदने के लिए उसके बीच में रास्ता बना दिया हो लेकिन नर्मदा में डेढ़ किलोमीटर नदी के अंदर सड़क बना दी गई.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें