शनिवार, 28 जुलाई 2018

उमा, गौर, जोशी को मिला बंगला, दिग्विजयसिंह को नहीं


पूर्व मुख्यमंत्रियों से बंगला खाली कराने वाले विवाद पर विराम लग गया है. राज्य सरकार ने तीनों पूर्व मुख्यमंत्रियों को दोबारा बंगले आवंटित कर दिए हैं. इसके लिए सरकार द्वारा उनसे शुल्क वसूला जाएगा. खास बात ये है कि इसमें प्रदेश के तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों के नाम कैलाश जोशी, बाबूलाल गौर और उमा भारती शामिल है, लेकिन दिग्विजय को इससे दूर रखा गया है यानि दिग्विजय सिंह को अब बंगला खाली करना पड़ेगा.प्रमुख सचिव गृह मलय श्रीवास्तव ने तीनों पूर्व मुख्यमंत्रियों को मौजूदा आवास ही गणमान्य नागरिक की श्रेणी में सशुल्क दिए जाने की पुष्टि की. 
दरअसल, हाईकोर्ट के आदेश के बाद मध्य प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्रियों को बंगले खाली करने का नोटिस दे दिया गया था, जिसमें से उमा भारती और कैलाश जोशी  बंगला खाली करने को राजी हो गए थे, लेकिन दिग्विजय और बाबूलाल  गौर तैयार नही थे. उन्होंने बंगला खाली करने से मना कर दिया था.इसके बाद मामला राज्य सरकार के पास पहुंच गया था, क्योंकि पूर्व मुख्यमंत्री को बंगला आवंटित करना मुख्यमंत्री का एकाधिकार है. वही जबलपुर हाईकोर्ट  ने एक जनहित याचिका पर फैसला सुनाते हुए पूर्व मुख्यमंत्रियों को निशुल्क आजीवन सरकारी आवास की सुविधा के प्रावधान को अवैधानिक करार देते हुए एक माह में कार्यवाही करने के आदेश दिए थे. इसी के चलते राज्य सरकार ने नई आवेदन प्रक्रिया के तहत वही बंगले सशुल्क आवंटित करने का के आदेश जारी किए .. शासन की ओर से की गई पहल पर तीनों ने नए आवेदन दिए थे. हालांकि दिग्विजय सिंह ने अभी तक सरकार को कोई आवेदन नहीं दिया है. माना जा रहा है कि आवेदन पर दिग्विजय को भी वही बंगला मिल जाएगा. 
वही पूर्व केंद्रीय मंत्री, सांसद व कांग्रेस की प्रदेश स्तरीय चुनाव प्रचार अभियान समिति के प्रमुख ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी सांसद कोटे से शासकीय आवास मांगा था. अभी गृह विभाग ने इस पर कोई निर्णय नहीं लिया है. बताया जा रहा है कि बड़े आवास रिक्त नहीं हैं, इसलिए वेटिंग ज्यादा है. उल्लेखनीय है कि उमा भारती को बतौर पूर्व मुख्यमंत्री श्यामला हिल्स स्थित बी-2 आवास आवंटित था. जबकि कैलाश जोशी 74 बंगला क्षेत्र एवं बाबूलाल गौर को भी 74 बंगला क्षेत्र में बी-6 बंगला आवंटित था. गौर पर 28 साल तक सरकारी बंगले में रहने के बाद भी छोड़ने को तैयार नहीं थे.फिलहाल पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, उमा भारती, कैलाश जोशी और बाबूलाल गौर पूर्व मुख्यमंत्री के नाते आज भी सरकारी बंगलों में रह रहे हैं.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें