मंगलवार, 24 जुलाई 2018

पन्ना कलेक्टर से मांगा जांच प्रतिवेदन

 मानव अधिकार आयोग ने विभिन्न घटनाओं को लिया संज्ञान में
राज्य मानव अधिकार आयोग ने विभिन्न घटनाओं को संज्ञान में लिया है. आयोग ने पन्ना जिला कलेक्टर से शव को स्ट्रेचर पर ढ़ोकर ले जाने के मामले में जांच प्रतिवेदन मांगा है.
मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने जिला पन्ना के अजयगढ़ में डॉक्टरों ने पहले तो मृतक का पोस्टमार्टम करने से मना कर दिया और इसके बाद अस्पताल प्रबंधन द्वारा शव ढोने के लिए स्ट्रेचर तक की व्यवस्था न किए जाने के कारण परिजनों को चादर की झोली बनाकर शव को ढोने के मामले में संज्ञान लिया है. आयोग ने इस संबंध में कलेक्टर पन्ना से जांच प्रतिवेदन तीन सप्ताह में मांगा है.
नाली पर रेलिंग न होने से बच्चा बहा
मानव अधिकार आयोग ने पंचशील नगर भोपाल में नाली पर रेलिंग न होने के कारण छह वर्षीय बच्चे के पानी में बह जाने के मामले में संज्ञान लिया है. आयोग ने इस संबंध में आयुक्त नगर निगम भोपाल से इन मामलों, स्थानों पर जनसुरक्षा के किए गए उपायों के संबंध में प्रतिवेदन तीन सप्ताह में तलब किया है.
नवजात गहन चिकित्सा इकाई में तीन दिन में छह बच्चों की मौत
 आयोग ने गुना में यूनिसेफ के सहयोग से बनी नवजात गहन चिकित्सा इकाई में तीन दिन के अन्दर छह बच्चों की मौत हो जाने के मामले में संज्ञान लिया है. आयोग ने इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी गुना से जांच प्रतिवेदन तीन सप्ताह में मांगा है.
बिना जूते-दस्तानों के निगमकर्मी जुटे बचाव कार्य में
 मानव अधिकार आयोग ने भोपाल में बारिश के पानी से उफान पर आए नाले में बहे छह साल के बच्चे के शव को सरकारी एजेंसियों द्वारा तीन दिन में ढूंढ पाने के मामले में संज्ञान लिया है. आयोग ने इस संबंध में आयुक्त नगर निगम भोपाल से तीन सप्ताह में प्रतिवेदन तलब कर जानकारी चाही है कि आपदा प्रबन्धन के लिए नगर निगम के कितने कर्मचारी हैं. उनकी योग्यता, प्रशिक्षण एवं उपलब्ध कराए गए सुरक्षा उपकरण व अन्य सुविधाएं.
बीस साल से अंधेरे कमरे में बंद
 आयोग ने छतरपुर जिले के हरपुरा गौर गांव में वृद्ध बैजनाथ यादव को उन्हीं के परिवार द्वारा बीस साल से अंधेरे कमरे में बेडियों से जकड़कर रखने के मामले में संज्ञान लिया है. आयोग ने इस मामले में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक छतरपुर से प्रतिवेदन मांगा है.
रसूखदारों की प्रताड़ना से आत्महत्या
आयोग ने मंडीदीप में प्रधानमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत मिले पट्टे को रसूखदार के इशारे पर नगर पालिका द्वारा निरस्त कर थाने में बंद कराने की धमकी देने से त्रस्त राजू शर्मा द्वारा ट्रेन के आगे कूद कर आत्महत्या करने के मामले में संज्ञान लिया है. आयोग ने इस संबंध में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक रायसेन से जांच प्रतिवेदन पन्द्रह दिवस में मांगा है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें