
मुख्यमंत्री ने कहा किसी भी हालत में जीते सीटें, जीती सीटों को भी बचाएं
भारतीय जनता पार्टी ने राज्य विधानसभा में अजा, अजजा सीटों पर फोकस किया है. मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने बीते चुनाव 2013 में हारी दोनों वर्गों के लिए आरक्षित 22 सीटों को भाजपा के कब्जे में लाने की बात अजा, अजजा मोर्चा के पदाधिकारियों से कही है. उन्होंने कहा कि हारी सीटों के अलावा जीती हुई 60 सीटों को भी हमें गंवाना नहीं है.
मुख्यमंत्री निवास पर अजा, अजजा और अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारियों की बैठक मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने ली. पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री ने साफ तौर पर कहा कि वे किसी भी हाल में अजा, अजजा वर्ग की हारी सीटों को भाजपा की झोली में लाएं. साथ ही जीती हुई सीटों पर भी हमारा कब्जा रहे. उल्लेखनीय है कि 2013 के विधानसभा में भाजपा को ग्वालियर-चंबल अंचल की कई सीटों पर हार का सामना करना पड़ा था. इसी तरह से महाकौशल में अजजा वर्ग की सीटों पर हार का सामना करना पड़ा था. भाजपा को राज्य की अजा वर्ग की 47 सीटों में से 15 और अजजा वर्ग की आरक्षित 35 सीटों में से 7 सीटों पर हार का सामना करना पड़ा था. हालांकि दोनों वर्ग की 60 सीटों पर भाजपा का कब्जा है. भाजपा इस कब्जे को बरकरार रखना चाहती है.
यहां उल्लेखनीय है कि कुछ माह पूर्व संघ द्वारा कराए गए सर्वे के आधार पर भी यह बात सामने आई कि इन सीटों पर भाजपा का प्रभाव कम होता जा रहा है. संघ द्वारा भाजपा संगठन और सरकार को इसे लेकर आगाह भी कराया गया था. इन सभी को देखते हुए मुख्यमंत्री ने अजा, अजजा मोर्चा प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों की बैठक बुलाई और उन्हें निर्देश दिए कि किसी भी हालत में अजा, अजजा वर्ग की हारी हुई सीटों को भाजपा के पक्ष में लाया जाए, साथ ही जिन सीटों पर भाजपा का कब्जा है, उन भाजपा की जीत सुनिश्चित की जाए.
आयोजित की जाएंगी ग्राम चौपालें
अनुसूचित जनजाति मोर्चा की बैठक में निर्णय लिया गया कि 1 से 7 अगस्त तक जनजाति छात्रावासों में छात्र छात्राओं की समस्याओं का निराकरण किया जाएगा एवं प्रदेश सरकार की छात्र कल्याण नीतियों से अवगत कराया जाएगा. 9 अगस्त को जनजाति जिले में जनजाति सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जिसमें 13 अगस्त से प्रारंभ होने वाली संबल योजना का प्रतिकात्मक शुभारंभ किया जाएगा. इस अवसर पर जनजाति समाज के प्रमुखों का सम्मान भी किया जाएगा. 15 अगस्त से 15 सिंतबर तक जनजाति ग्राम पंचायतों में ग्राम चैपालें आयोजित की जाएगी.
बस्ती सम्मेलन किए जाएंगे आयोजित
अनुसूचित जाति मोर्चा की बैठक में निर्णय लिए गए कि 5 से 31 अगस्त संभागीय बस्ती सम्मेलन आयोजित होंगे. प्रत्येक कार्यकर्ता बस्ती में पहुंचकर विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों का पंजीयन करेंगे. कार्यकर्ता बस्तियों के घर-घर पहुंचकर संबल योजना, बिजली बिल माफी योजना सहित अन्य सभी योजनाओं से जनता को अवगत कराकर संबल योजना के फार्म भी भरवाए जाएंगे.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें