![]() |
| आलोक अग्रवाल |
आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक अग्रवाल ने ओपन स्कूल घोटाले की जांच सीबीआई को देने का स्वागत करते हुए कहा है कि यह शिक्षा क्षेत्र में मध्य प्रदेश का व्यापमं से भी बड़ा घोटाला है. आम आदमी पार्टी ने करीब एक साल पहले इस मामले का खुलासा किया था और अब इसकी जांच सीबीआई को दी जा रही है. यह आम आदमी पार्टी की बड़ी जीत है. आम आदमी पार्टी ने इस मामले को लगातार उठाया है और इसी का नतीजा है कि इस बड़े घोटाले की जांच सीबीआई से कराई जा रही है.
उन्होंने कहा कि इस ओपन स्कूल घोटाले में हजारों छात्रों को बिना परीक्षा दिए पास किया गया. उन्होंने बताया कि आम आदमी पार्टी ने 8 सितंबर 2017 को प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस घोटाले से जुड़े सभी दस्तावेज पेश किए थे. इन दस्तावेजों में दिखाया गया था कि 3 केंद्रों पर 1200 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल ही नहीं हुए, लेकिन जब परिणाम आया तो इन सभी अनुपस्थित विद्यार्थियों को पास कर दिया गया. साफ है कि मिलीभगत कर अरबों रुपए देकर फर्जी रिजल्ट बनवाये गये थे.
उन्होंने बताया कि आम आदमी पार्टी के खुलासे में प्रदेश के तीन अलग-अलग शहरों के एनआईओएस (राष्ट्रीय मुक्त विद्यालय संस्थान) के छात्रों की सूची प्रस्तुत की गई थी, जो कि परीक्षा में बैठे बिना ही पास हो गए. रतलाम के डायमंड कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल का परीक्षा केंद्र सागौद का केंद्रीय विद्यालय था और यहां 693 में से महज 19 विद्यार्थी उपस्थित हुए, जबकि 674 विद्यार्थी अनुपस्थित थे. जब रिजल्ट घोषित हुआ तो सभी विद्याथी पास घोषित किए गए. इसी तरह सीहोर के जवाहर नवोदय विद्यालय में महज 2 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 351 परीक्षार्थी अनुपस्थित थे. यहां भी रिजल्ट आने पर सभी 353 पास घोषित किए गए. यही हाल उमरिया के महर्षि विद्या मंदिर, संजय गांधी, बिरसिंहपुर का रहा. यहां 3 छात्रों ने परीक्षा दी, जबकि 178 को पास घोषित किया गया.
उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश में राष्ट्रीय मुक्त विद्यालीय संस्थान के 280 केंद्र हैं. यह घोटाला किन्हीं चिन्हित केंद्रों तक सीमित नहीं है. इस घोटाले का विस्तार पूरे प्रदेश में होने की आशंका है. शिवराज सरकार भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देती रही है, इसी कारण से ऐसे घोटाले संभव हैं. उन्होंने आशंका जाहिर की है कि मुक्त विद्यालयों का यह घोटाला महज मध्य प्रदेश तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके तार पूरे देश में फैले हो सकते हैं.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें