महिला का घूंघट हटाने के मामले को लेकर घिरे सामान्य प्रशासन मंत्री आर्यमध्यप्रदेश के सामान्य प्रशासन मंत्री लाल सिंह आर्य आज सार्वजनिक मंच पर प्रमाण पत्र लेने आई महिला का घूंघट सिर से हटाने के मामले को लेकर घिर गए. कांग्रेस ने जब इस मामले को लेकर उन पर गंभीर आरोप लगाए तो मंत्री को आज स्पष्टीकरण देते हुए यह कहना पड़ा कि ‘ऐसा करने से पहले मैं आत्महत्या करना पसंद करुंगा.’ मैंने बड़े भाई के नाते महिला के सिर पर हाथ रखा था.
मध्यप्रदेश के भिंड में रविवार को आयोजित स्वरोजगार मेले में मंत्री लाल सिंह आर्य ने फोटो सेशन के दौरान एक हितग्राही महिला का घूंघट सरका दिया था, जिसका वीडियो तुरंत वायरल हो गया. दरअसल कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों के साथ राज्यमंत्री लालसिंह ने शिरकत की. जहां मंत्री ने हितग्राहियों को योजनाओं के अनुसार घर की चाबी, चैक और किसी को प्रमाण पत्र बांटे गए. तभी एक महिला हितग्राही प्रमाण पत्र के लिए के लिए मंच पर पहुंची. महिला घूंघट किए हुए थी. फोटो खिंचवाने के चलते मंत्री लालसिंह ने बिना कुछ सोचे समझे खुद ही महिला का घूंघट उठा दिया. मंत्री के ऐसा करते महिला हितग्राही कुछ देर के लिए असहज हो गई और प्रमाण पत्र लेकर वहां से रवाना हो गई. इस घटनाक्रम का फोटो और वीडियो वायरल हो गया. कांग्रेस ने इसे गलत बताते हुए कड़े शब्दों में इसकी निंदा की है. इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने मंत्री को घेरना शुरु कर दिया. माहौल इतना गर्माया कि कांग्रेस सहित आमजन भी मामले को लेकर मंत्री लाल सिंह आर्य की निंदा करते नजर आए.
माहौल जब गर्माया तो मंत्री लाल सिंह आर्य आज सफाई देते नजर आए. मंत्री का कहना है महिला के सर पर बड़े भाई के नाते हाथ रखा था, वो सभी महिलाओं में बहन और बेटी देखते हैं. ऐसी घटना करने से पहले मैं आत्महत्या करना पसंद करूंगा. उन्होंने कहा आरोप के बाद मेरा मन कल से छटपटा रहा है, हमारे संस्कार में यह नहीं है, इस तरह के कृत्य करन कांग्रेसियों के संस्कार में होगा. मंत्री ने कहा मेरे खिलाफ जिन लोगों ने चरित्रहीनता की कोशिश की है उनके खिलाफ अदालत जाऊंगा.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें