स्कूल शिक्षा मंत्री कुंवर विजय शाह ने कहा हैकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के डिजिटल इंडिया कार्यक्रम और स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को कम्प्यूटर की शिक्षा देने में वर्ल्ड आॅन व्हील महत्वपूर्ण साबित होगी. कुंवर शाह ने वैन के लोकार्पण समारोह में यह बात कही. उन्होने वैन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया.स्कूल शिक्षा मंत्री ने कहा कि डिजिटल शिक्षा एवं जागरूकता के लिये मोबाइल कम्प्यूटर लैब एक स्कूल से दूसरे स्कूल और एक स्थान से दूसरे स्थान पर पहुँचकर कम्प्यूटर शिक्षा के लिये सकारात्मक वातावरण तैयार करेगी. उन्होंने कहा कि कम्प्यूटर में तेजी से आ रहे बदलाव के कारण दुनियाभर की जानकारियाँ एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुँच रही हैं. इसलिये कम्प्यूटर की शिक्षा होना बेहद जरूरी हो गया है. उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि वर्ल्ड आॅन व्हील के माध्यम से विद्यार्थियों के साथ-साथ ग्रामीणों को भी योजनाओं से जुड़ी जानकारी दी जायेगी.
राज्य ओपन स्कूल शिक्षा बोर्ड के निदेशक पी.आर. तिवारी ने बताया कि वर्ल्ड आॅन व्हील बस भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान हैदराबाद ने कॉपोर्रेट सोशल रिस्पान्सबिलिटी (सीएसआर) फंड के जरिये मध्यप्रदेश राज्य ओपन स्कूल को उपलब्ध करवायी है. यह बस करीब एक करोड़ रुपये लागत से बनकर तैयार हुई हैं. यह आने वाले 4 वर्षों तक मध्यप्रदेश के विभिन्न स्थानों पर पहुँचेगी. यह वाहन हायर सेकेण्डरी एवं हाई स्कूल परिसर में बच्चों को कम्प्यूटर की शिक्षा देगा. चलित कम्प्यूटर लैब में 20 कम्प्यूटर रखे गये हैं. लैब में बिजली की उपलब्धता निरंतर बनाये रखने के लिये बस में सोलर पैनल भी लगाये गये हैं. बस की खासियत के बारे में श्री तिवारी ने बताया कि इसमें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की भी सुविधा है, जिससे छात्रों को विशेषज्ञों से सीधा जोड़ा सकेगा. मोबाइल वेन के माध्यम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य, कृषि और ग्रामीण विकास से संबंधित जानकारी दी जायेगी. इस वैन में आधार-कार्ड के पंजीयन और अपग्रेडेशन करवाने की सुविधा भी होगी. भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान के डॉ. हनीफ मेवाती ने बताया कि देश भर में कम्प्यूटर शिक्षा देने के लिए 40 मोबाइल कम्प्यूटर लेब विभिन्न राज्यों को उपलब्ध करवायें गये है. प्रदेश में मोबाइल वैन से प्रति वर्ष 16 हजार से अधिक विद्यार्थियों को कम्प्यूटर की शिक्षा दी जायेगी.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें