मंगलवार, 7 अगस्त 2018

कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष की फिसली जुबान, कहा देश को बनाना है कांग्रेसमुक्त

कांग्रेस के नेताओं ने साधा मौन, बाला बच्चन का बयान छाया सोशल मीडिया पर
मध्यप्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बाला बच्चन एक बयान देकर फंस गए हैं. सभा के दौरान उन्होंने देश को कांग्रेस मुक्त बनाने की बात कही और सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल हो गए. बाला बच्चन के इस बयान पर कांग्रेस के नेताओं ने भी मौन साध लिया है.
दरअसल हुआ यह कि कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा निकाली जा रही जनजागरण यात्रा जब बड़वानी जिले के अंजड़ पहुंची तो यहां पर बाला बच्चन भी मौजूद थे. यात्रा का स्वागत किया और मंच पर जब उन्होंने भाषण दिया तो वे इतना भूल गए कि क्या कह रहे हैं? जोश में वे इतने आए कि उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि कि ‘मैं भाजपा को बताना चाहता हूं कि हमें देश को कांग्रेसमुक्त बनाना है.’ बच्चन की इस अपील को भाजपा के मीडिया सेल ने केच किया और सोशल मीडिया पर बाला बच्चन के इस कथन को वायरल कर दिया. आज दिनभर बच्चन का यह वीडिया जमकर ट्रोल किया गया. लोगों ने अलग-अलग टिप्पणी भी इस पर की. बच्चन द्वारा सोमवार को मंच पर कही इस बात को लेकर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में वरिष्ठ नेताओं से चर्चा की तो सभी मौन साधे रहे. कोई भी इस पर टिप्पणी देने को तैयार नहीं था. 
पहले भी विवाद में रहे हैं बच्चन
बाला बच्चन पहले भी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं पर निशाना साध चुके हैं. हाल ही में उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा निकाली जा रही जनआशीर्वाद यात्रा को लेकर भी पार्टी नेताओं को घेरा था. उन्होंने कहा था कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को यात्राएं निकालनी चाहिए. कांग्रेस शिवराज सिंह चौहान की यात्रा का जवाब नहीं दे पा रही है. बच्चन ने चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया से भी इस तरह का आग्रह कर यात्रा निकालने को कहा था.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें