मंगलवार, 7 अगस्त 2018

मध्यप्रदेश कांग्रेस में थम नहीं रही कलह

दीपक बावरिया 
सतना के बाद विदिशा में बावरिया के साथ झूमा-झटकी
मध्यप्रदेश कांग्रेस में अतर्कलह थमने का नाम नहीं ले रही है. वरिष्ठ नेता चाह कर भी इस कलह को रोकने में कामयाब नहीं हो पा रहे हैं. सतना के बाद अब विदिशा में प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव दीपक बावरिया के साथ झूमा-झटकी की गई. इसके बाद माहौल और गर्मा गया है. वहीं इस मामले में प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने किनारा भी कर लिया है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने तो यहां तक कह दिया कि विदिशा में इस तरह को कोई घटना घटी ही नहीं है.
मध्यप्रदेश कांग्रेस में चुनाव के पूर्व अंतर्कलह को रोकने के जो प्रयास किए गए, वे अब तक शांत तो नहीं हुए, मगर अब सड़क पर आते नजर आ रह हैं. हाल ही में विदिशा पहुंचे प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी दीपक बावरिया के साथ मंच पर बैठने को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि मामला झूमा-झटकी तक पहुंच गया. दरअसल बावरिया जिस मंच पर बैठे थे, उस मंच पर विदिशा जिले के नेताओं में बैठने की होड़ सी लग गई. इस दौरान बावरिया के साथ गुजरात से आए भाई वेंडूजा को भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नहीं छोड़ा. बताया जाता है कि शमशाबाद से पिछला चुनाव हार चुके सिंधु विक्रम सिंह को  मंच पर बैठने को स्थान नहीं मिला तो  उनके समर्थकों ने धक्का-मुक्की शुरु कर दी. इस दौरान समर्थक इतने उत्तेजित हुए कि वे बावरिया और भाई वेंडूजा के साथ धक्का-मुक्की कर बैठे. इस बात से खफा बावरिया ने कार्यकर्ताओं को खरी-खोटी सुनाई.
उल्लेखनीय है कि बावरिया के साथ पूर्व में सतना में भी कार्यकर्ताओं ने इसी तरह की झूमा-झटकी की थी. इसके बाद मामला दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी तक पहुंचा था. राहुल गांधी ने इसके बाद सभी प्रदेश के नेताओं को बुलाकर सीख दी थी कि इस तरह की घटना अब न घटे. साथ ही यह संदेश दिया था कि कार्यकर्ता बावरिया के स्थान पर मुझे समझे. मैं ही बावरिया हूं. इस संदेश के साथ ही पार्टी ने छह कार्यकर्ताओं का निष्कासन कर दिया था एवं दो को कारण बताओ नोटिस दिया था.
संघ से सीखें अनुशासन
कमलनाथ 
दीपक बावरिया इतने गुस्से में आए कि उन्हों

ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को यह नसीहत दे डाली कि वे संघ से अनुशासन सीखें. बावरिया ने बाद में मीडिया के सवालों के जवाब पर कहा कि मुझे संघ के अच्छे काम की प्रशंसा करने में कोई परेशानी नहीं है. उन्होंने कहा कि किसी के अच्छे काम की तारीफ करने में किसी तरह का संकोच नहीं होना चाहिए. बावरिया ने कहा कि पंडित नेहरु ने चीन के वक्त लड़ाई में उनका जो उपयोग किया था और उसके बाद भी संघ की जो उपलब्धि है, उसके सराहने में किस बात का संकोच.
कमलनाथ ने कहा हुई नारेबाजी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने विदिशा में बावरिया के साथ ऐसी कोई घटना होने से इंकार कर दिया है. उन्होंने कहा कि बावरिया के साथ ऐसी कोई घटना नहीं घटी, जिसमें बावरिया के साथ झूमा-झटकी हुई हो. उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्साह था, जिसके चलते वे अपने नेता के समर्थन में नारेबाजी कर रहे थे. वहीं बावरिया द्वारा संघ को लेकर दिए बयान पर उन्होंने पल्ला झाड़ लिया और कहा कि इस मुद्दे पर वे कुछ नहीं कहेंगे.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें