प्रदेश कांगे्रस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा है कि यह चुनाव कांगे्रसजनों की अग्नि परीक्षा है. भाजपा के खिलाफ कार्यकर्ताओं में जोश और जनता में आक्रोश है. सब कुछ छोड़कर और मतभिन्नता भूलकर अगले तीन महीने पूरी तरह से जुट जाएं. यह निष्ठा ही आगे का रास्ता दिखाएगी.
कमलनाथ राजधानी में गांधी भवन में एआईसीसी और पीसीसी डेलीगेट्स की बैठक को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि चुनाव में वहीं उम्मीदवार जीतता है, जिसका व्यापक जनाधार है, जो सबको स्वीकार्य है, जिसकी छवि अच्छी हो, जो सबको साथ लेकर चलता है. अब इसका-उसका नहीं चलेगा, जीतने वाले को ही उम्मीदवार बनाना राहुलजी का व हमारा लक्ष्य है.
कमलनाथ ने कहा कि हर जिले के विकास का एक संकल्प पत्र तैयार किया जाएगा. हम कोई घोषणा नहीं करेंगे, हम जिले की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने का संकल्प लेंगे. संकल्प पत्र में स्थानीय आवश्यकताओं की बात की जाएगी. सड़कों, पीने के पानी, पुल-पुलियों, अस्पताल व विकास की बात की जाएगी. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने झूठी घोषणाएं कर जो सपने दिखाए हैं, वे अब लोगों की पथराई आखों के सपने बन चुके हैं. इन थोथी घोषणाओं का उल्लेख हम संकल्प पत्र में करेंगे. सरकार ने वहां के किसानों, युवाओं और आदिवासी दलितों से किये गये जो वायदे पूरे नहीं किये हैं, उनका उल्लेख इसमें किया जाएगा. इनमें मिनी स्मार्ट सिटी, रोजगार, बड़ी कंपनियों के फर्जी निवेश, आवास योजना की दोहरी नीति, गरीबी रेखा आदि सभी स्थानीय स्तर की बातें शामिल की जायेंगी. भ्रष्टाचार की सूची भी उसमें सिलसिलेवार प्रकाशित की जाएगी. इसमें सभी को विशेष रूचि लेकर योगदान देना है.
कमलनाथ ने कहा कि ईवीएम मशीनों के बारे में आपको बहुत सतर्क रहना है. यदि मशीनें खराब होती हैं तो बदलने के लिये वापस की जाती हैं. आपको यह देखना है कि मशीने बदलकर किस राज्य से आ रही हैं? विशेष रूप से यह देखना है कि कहीं ये मशीनें गुजरात चुनाव में उपयोग की हुई तो नहीं आ रही हैं. ब्लाक स्तर पर आपको इसकी ट्रेनिंग देने के लिये हम ट्रेनर भेजेंगे. मतदाता सूची के फजीर्वाडे को भी हमें बारीकी से समझना होगा.
नाथ ने कहा कि पिछले सौ दिनों में संगठन का विस्तार प्राथमिकता थी. भाजपा सरकार के खिलाफ जनता में जबरदस्त माहौल है. इन परिस्थितियों को देखते हुए हमें वास्तविकता जनता को बताना है. हमें स्थानीय मुद्दे बताना है, क्योंकि अब राजनीति स्थानीय हो गयी है. उन्होंने कहा सर्वे एक तरह का इनपुट होता है. ब्लाक समितियां बनने के बाद यह देखें कि आप कितने लोगों को अपनी ओर मोड़ सकते हैं. उन्हें विश्वास दिलायें कि हम आपके भविष्य की रक्षा करेंगे. आप सभी यहां से कांगे्रस प्रत्याशी को जिताने का एक संकल्प और प्रतिज्ञा लेकर जायें.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें