गुरुवार, 14 मार्च 2019

भ्रम फैलाने वाली कांग्रेस को जवाब दें

वीरों की शहादत में राजनीति नजर आती है कांग्रेस को
झूठ और भ्रम फैलाकर कांग्रेस ने जो सत्ता हासिल की है, उसका जवाब हर मतदाता को लोकसभा चुनाव में देना है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता एयर स्ट्राइक के सबूत मांग रहे है. धिक्कार है ऐसे कांग्रेसी नेताओं पर जिन्हें वीरों की शहादत में भी राजनीति नजर आती है. 
यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद  राकेश सिंह ने मुरैना जिले के भितरवार में विजय संकल्प अभियान में जनसभा को संबोधित करते हुए कही. उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष  शिवराजसिंह चौहान एवं केन्द्रीय मंत्री  नरेन्द्रसिंह तोमर उपस्थित थे.  भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सिंह ने कहा कि चंबल की यह भूमि वीर भूमि है, यहां के अनेकों जवान सेना, अर्धसैनिक बलों में भारत मां की देश की सेवा कर रहे हैं. यहां के कई जवानों ने अपने प्राणों की आहूति देकर मातृभूमि पर मर मिटे. शहीदों की शहादत को आप लोगों से बेहतर और कौन समझ सकता है. उन्होंने कहा कि जब कोई शहीद होता है, तब कोई उसकी शहादत पर सवाल नहीं करता, लेकिन ऐसे समय में जब देश का बच्चा बच्चा देश की सेना के साथ है, लेकिन कांग्रेस के नेता एयर स्ट्राइक के सबूत मांग रहे है. धिक्कार है ऐसे कांग्रेसी नेताओं पर जिन्हें वीरों की शहादत में भी राजनीति नजर आती है. 
सिंह ने कहा कि आने वाला लोकसभा चुनाव कोई साधारण चुनाव नहीं है. यह विचारधारा और देश का चुनाव है. यह चुनाव नरेन्द्र मोदी को पुन: प्रधानमंत्री बनाने वाला चुनाव नहीं है यह चुनाव भाजपा और गठबंधन का चुनाव नहीं है, यह चुनाव देश की सीमाओं को मजबूत करने वाला चुनाव है. यह चुनाव देश को आगे बढाने वाला चुनाव है. इस चुनाव में या तो देश हारेगा या देश जीतेगा. उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी  के सत्ता में आने के बाद देश का हर नागरिक गौरवांवित महसूस करता है. भारत आज उन देशों में शामिल हो गया है, जो अपने सैनिकों की शहादत का बदला दुश्मन के घर में घुसकर लेता है. उन्होंने कहा कि पहले पाकिस्तान से गोली चलने पर दिल्ली से अनुमति लेना पड़ती थी. आज सेनाओं को खुली छूट दे दी गयी है.  सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पौने पांच सालों में देश में जितना विकास हुआ है, पहले किसी सरकार ने नहीं किए. 
 दिलाया कार्यकर्ताओं को विजय संकल्प
शिवपुरी और ग्वालियर संसदीय क्षेत्र में आयोजित विजय संकल्प अभियान में कार्यकर्ताओं के साथ जनता ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की. बैराड और भितरवार में बड़ी संख्या में जनसमुदाय विजय संकल्प अभियान में शामिल हुआ. भितरवार में जनसभा के दौरान पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने प्रदेश की 29 की 29 लोकसभाओं में भारतीय जनता पार्टी के विजय का संकल्प दिलाया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी का हर कार्यकर्ता विजय संकल्प लेकर लोकसभा के इस चुनावी मैदान में उतरे और हर सीट पर विजयी हो. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें