सासंद सिंधिया ने किया मुख्यमंत्री कमलनाथ का समर्थनमध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव में अधिक से अधिक सीटें जीतने के फार्मूले पर काम कर रही कांग्रेस की नजरें अब वर्षों से भाजपा के कब्जे वाली सीटों पर टिक गई है. मुख्यमंत्री कमलनाथ द्वारा दिग्विजय सिंह को भाजपा के कब्जे वाली सीट से चुनाव लड़ने की बात कहने के बाद अब इसका समर्थन सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी किया है. सिंधिया ने कहा कि 30-40 वर्षों से जो सीटें भाजपा के कब्जे में है, उन सीटों पर कड़ी चुनौती देने के लिए हम मजबूत प्रत्याशी मैदान में उतारेंगे.
सांसद सिंधिया आज राजधानी भोपाल में पहुंचे थे. उन्होंने दिग्विजय सिंंह के चुनाव लड़ने को लेकर मुख्यमंत्री कमलनाथ द्वारा दिए बयान का समर्थन किया. कमलनाथ ने शनिवार को छिंदवाड़ा में कहा था कि भाजपा के गढ़ वाली सीट से दिग्विजय सिंह को चुनाव लड़ना चाहिए. मुख्यमंत्री के इस बयान पर आज ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी अपनी सहमति जताई है. उन्होंने यह भी कहा कि यह नीति कांग्रेस हाईकमान तय करेगा, लेकिन स्पष्ट रुप से यह सही है कि जिन सीटों पर लंबे समय से कांग्रेस जीत नहीं पाई है, उन सीटों पर मजबूत प्रत्याशी मैदान में उतारा जाए, यह हमारा लक्ष्य है. मुख्यमंत्री ने अगर यह सुझाव दिया है तो ठीक है. उन्होंने कहा कि सालों से कई सीटों पर भाजपा का कब्जा है. कांग्रेस की नींव मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान से ही बनेगी. उन्होंने कहा कि दिग्जिवयसिंह कहां से चुनाव लड़ेंगे यह तय भी हाईकमान को ही करना है.
मीडिया द्वारा पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए सिंधिया ने कहा कि मैं कहां से मैं कहां से चुनाव लड़ूंगा, यह कांग्रेस अध्यक्ष ही तय करेंगे. मैं सांसद कहीं से भी रहूं, लेकिन विकास पूरे प्रदेश का करुंगा. यहां उल्लेखनीय है कि सिंधिया का गुना से नाम तय माना जा रहा था, लेकिन हाल ही में उन्हें ग्वालियर से चुनाव मैदान में उतारने की अटकलें भी चल रही है. हालांकि अभी यह तय नहीं हुआ है कि सिंधिया कहां से चुनाव लड़ेंगे, मगर उनके ग्वालियर से भी चुनाव लड़ने को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं.
सत्ता के लिए नहीं लड़ी कांग्रेस
सांसद सिंधिया ने कहा कि कांग्रेस कभी भी सत्ता के लिए नहीं लड़ी है. कांग्रेस ने हमेशा जनता और प्रदेश के विकास की बात की है. न्याय और प्रगति ही हमारा उद्देश्य है, चुनाव में भी हम इसी के सहारे से मैदान में उतर रहे हैं. उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य मध्यप्रदेश में कांग्रेस को और भी अधिक मजबूत करना है. उन्होंने कहा कि हम स्थानीय तौर पर मजबूत से मजबूत प्रत्याशी मैदान में उतारेंगे.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें