पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस के राज में सब-कुछ बिकता है, क्या-क्या खरीदोगे. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने 10 दिन में कर्ज माफ न होने पर मुख्यमंत्री बदलने की बात कही थी. अब तक न तो किसानों कर्ज माफ हुआ और न ही उन्होंने वादे के अनुसार मुख्यमंत्री ही बदला.
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंंह चौहान ने यह बात आज शिवपुरी जिले के ग्राम धौलागढ़ में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कही. सिंह आज भाजपा की विजय संकल्प यात्रा में शामिल हुए. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने कहा था कि 10 दिन में किसानों का कर्ज माफ नहीं हुआ, तो वह मुख्यमंत्री को ही बदल देंगे. आज 80 दिन से ज्यादा हो गये हैं, लेकिन अब तक कर्ज माफ नहीं हो सका. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के दस दिन के हिसाब से तो अब तक 8 मुख्यमंत्री बन गये होते, मगर अब तक ऐसा उन्होंने नहीं किया. उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में सारा काम ठप हो गया है. सरकार केवल तबादला करने में लगी हुई है. अधिकारी सुबह यहां, शाम को वहां, अगले दिन कहीं और कहीं. कांग्रेस के राज में सब कुछ बिक रहा है, बोलो क्या-क्या खरीदोगे.
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को अब नोटिस आने लगा है कि पैसा दो नहीं, तो तुम्हारे खिलाफ कार्रवाई होगी. जिनका कर्जा माफ भी हुआ है, वह राशि 30 रुपया, 70 रुपया, 100 रुपया है. न कर्जा माफ हुआ, न फसलों की उचित कीमत मिल रही है. उन्होंने कहा कि मैंने मुख्यमंत्री विवाह योजना शुरू की थी, ताकि गरीब की बेटी भी सम्मान से विदा हो जाए, लेकिन कमलनाथ के मंत्री अब शादी में पीने और पिलाने की व्यवस्था में लग गए हैं. इतना ही नहीं, अब देशी के साथ अंग्रेजी शराब बेचने की भी नई व्यवस्था कर रहे हैं.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें