कांग्रेस के लिए बन गए हैं मुसीबत
मध्यप्रदेश कांग्रेस में लोकसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी चयन प्रक्रिया के पहले लोकसभा क्षेत्र के लिए बनाए गए चुनाव प्रभारी मुसीबत बन गए हैं. करीब 10 लोकसभा क्षेत्रों में पार्टी के लिए काम की जिम्मेदारी लिए ये प्रभारी अब खुद टिकट के लिए दावेदारी कर रहे हैं. इन दावेदारों के कारण पार्टी की मुसीबत बढ़ गई है.
मध्यप्रदेश में कांग्रेस को 15 साल बाद बीते साल 2018 में विधानसभा चुनाव में मिली जीत से कांग्रेस नेताओं में उत्साह कुछ ऐसा भर गया है कि जो बीते लोकसभा चुनाव में दावेदारी नहीं कर रहे थे, वे अब टिकट के लिए दावेदार हो गए हैं. 10 लोकसभा क्षेत्रों में तो इन दावेदारों को चुनाव प्रभारी बनाया गया है. अब कांग्रेस के लिए चिंता इस बात की है कि ये चुनाव प्रभारी पार्टी के लिए काम कर रहे हैं या फिर अपने टिकट के लिए पैरवी कर रहे हैं. संगठन को चिंता इस बात की है कि अगर चुनाव प्रभारी अपने टिकट के लिए दावेदारी करेंगे तो क्षेत्र में पार्टी का काम कौन करेगा. इन चुनाव प्रभारियों को न केवल क्षेत्र में कार्यकर्ताओं के बीच सामंजस्य बैठाने की जिम्मेदारी दी गई थी, बल्कि इन्हें नाराज कार्यकर्ताओं, नेताओं की नाराजगी को दूर कर पार्टी के लिए काम करने को तैयार करना था, मगर ये खुद दावेदारी कर अपने दावेदारी वाले क्षेत्र में सक्रियता दिखा रहे हैं और संगठन ने जिस लोकसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी थी, वहां पर कम समय दे रहे हैं, जो पार्टी के लिए मुसीबत बन गया है. दावेदारी की स्थिति तो यह है कि विदिशा संसदीय क्षेत्र में एक साथ तीन चुनाव प्रभारी टिकट की दावेदारी करते नजर आ रहे हैं, जबकि पिछले लोकसभा चुनाव 2014 में यहां से कांग्रेस प्रत्याशी बना गए राजकुमार पटेल अपना नामांकन फार्म ही निरस्त करा बैठे थे. वे भी इस बार फिर टिकट की मांग कर रहे हैं.कौन प्रभारी कहां से मांग रहा टिकट
प्रतापभानु शर्मा को इंदौर लोकसभा क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है, वे विदिशा से टिकट की दावेदारी कर रहे हैं. इसी तरह निशंक जैन जबलपुर के प्रभारी है और राजकुमार पटेल राजगढ़ के प्रभारी है. ये दोनों भी विदिशा से टिकट की दावेदारी कर रहे हैं. इसी तरह रामेश्वर नीखरा को भोपाल का प्रभारी बनाया गया है, वे होशंगाबाद से, प्रभु सिंह ठाकुर को विदिशा का प्रभारी बनाया गया है वे खुद सागर से टिकट की मांग कर रहे हैं. इसी तरह बालाघाट के प्रभारी नरेश सराफ जबलपुर से, सागर के प्रभारी चंद्रिका प्रसाद द्विवेदी खजुराहो से, खजुराहो के प्रभारी आनंद अहिरवार टीकमगढ़, रीवा की प्रभारी सविता दीवान होशंगाबाद से, सीधी के प्रभारी राजेन्द्र मिश्रा रीवा से,धार के प्रभारी सुरेन्द्र सिंह ठाकुर भोपाल से, खंडवा की प्रभारी अर्चना जायसवाल इंदौर से टिकट के लिए दावेदारी कर रही हैं.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें