शुक्रवार, 29 मार्च 2019

मुख्यमंत्री ने अपनी और बेटे की सुविधा से तैनात किए पुलिस अफसर

कमलनाथ 
भारतीय जनता पार्टी ने शिकायत की है कि मुख्यमंत्री कमलनाथ अपने गृह जिले छिंदवाड़ा से उपचुनाव लड़ रहे हैं एवं उनके बेटे नकुलनाथ लोकसभा चुनाव के उम्मीदवार हैं. उन्होंने अपनी और अपने बेटे नकुलनाथ की सुविधा को देखते हुए अधिकारियों की पदस्थापना की है.
भाजपा ने निर्वाचन आयोग को शिकायत कर बताया कि मुख्यमंत्री कमलनाथ ने अपनी और अपने बेटे की सुविधा की दृष्टि से जिले में पुलिस अधीक्षक से लेकर निचले स्तर तक के पुलिस अधिकारी अपनी मनमर्जी से तैनात किए हैं. शिकायत के साथ इन अधिकारियों की जानकारी भी आयोग को दी गई है. पत्र में कहा गया है कि  मनोज कुमार राय को पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा पदस्थ किया गया है जो पुलिस अधीक्षक के रूप में उनका प्रथम जिला है. मनोज कुमार राय पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा के पद पर पदस्थापना के पीछे यह तथ्य है कि वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ वाराणसी में पूर्व में चुनाव लड़ चुके  अजय राय के नजदीकी रिश्तेदार है. इसके साथ ही कमलनाथ के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी  संजय श्रीवास्तव के अभिन्न मित्र हैं. इसके अलावा पुलिस निरीक्षक सियाराम सिंह गुर्जर, सतीश पटेल और प्रशांत यादव को नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से स्थानांतरित कर अपने जिले छिंदवाड़ा में पदस्थ किया है. 
भाजपा ने शिकायत में कहा कि पुलिस मुख्यालय ने यह नियम बनाया है कि किसी भी पुलिस अधिकारी को नक्सल प्रभावित क्षेत्र से बाहर 2 वर्ष की सेवा पूर्ण करने के पहले पदस्थ नही किया जाएगा. पत्र में कहा गया है कि इन पुलिस अधिकारियों की पदस्थापना नियम विरूद्ध और छिंदवाड़ा में कमलनाथ और नकुलनाथ को निर्वाचन में लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से की गई है. अत:  मनोज कुमार राय पुलिस अधीक्षक, छिंदवाड़ा को निर्वाचन कार्य से पृथक रखा जाये और उनका छिन्दवाड़ा से पुलिस मुख्यालय का पदस्थी आदेश जारी कर कंडिका चरण-2 में वर्णित चुनाव अवधि के दौरान पदस्थ पुलिस अधिकारियों को निर्वाचन कार्य से पृथक रखे जाने का आदेश प्रदान करें.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें