शुक्रवार, 29 मार्च 2019

विधायक ने दिया इस्तीफा, तो हाथ पकड़कर ले गए मंत्री

पांचीलाल मेड़ा 
 मुख्यमंत्री से की बंद कमरे में की मुलाकात, पूछा कारण, कार्रवाई का दिलाया भरोसा
मध्यप्रदेश के धरमपुरी से कांग्रेस के विधायक पांचीलाल मेड़ा ने आज शराब माफिया से दुखी होकर मुख्यमंत्री कमलनाथ को इस्तीफा देने की पेशकश की. वे मीडिया में यह जानकारी दे ही रहे थे कि राज्य के एक मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर आए और उनका हाथ पकड़कर खींचा और मीडिया से चर्चा करने के बजाय वहां से उन्हें ले गए. इसके बाद बंद कमरे में मुख्यमंत्री कमलनाथ से उनकी चर्चा हुई और कार्रवाई का आश्वासन भी मिला, इसके बाद मामला शांत हो गया. हालांकि कांग्रेस नेता और विधायक दोनों ही अब इस मामले में मौन साधे हुए हैं.
धरमपुरी से विधायक पांचीलाल मेड़ा आज राजधानी पहुंचे और क्षेत्र के शराब माफिया के खिलाफ मोर्चा खोला. वे अपने साथ मुख्यमंत्री को संबोधित इस्तीफा लिखकर भी लाए थे. इस्तीफा देने के पूर्व वे मीडिया में इसकी जानकारी दे रहे थे, तभी इसका पता मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर को चला तो वे वहां पहुंचे और मेड़ा का हाथ पकड़ा और खींचकर ले गए. इस दौरान मेड़ा अपनी बात तो नहीं रख पाए, मगर वे मुख्यमंत्री को देने वाले इस्तीफे की कापी जरुर मीडिया में दे गए. तोमर के साथ गृह मंत्री बाला बच्चन भी वहां पहुंचे. इसके बाद तोमर उन्हें मुख्यमंत्री के पास ले गए, जहां बंद कमरे में चर्चा हुई. बताया जाता है कि मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मेडा से चर्चा की और आश्वस्त किया कि वे उनकी शिकायत पर कार्रवाई की जाएगी. 
मेड़ा का कहना है कि स्कूल के पास बनीं दो शराब दुकानों को हटाने के लिए मैंने अपने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की थी. इसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत प्रशासनिक अधिकारियों को भी की थी. इसके बाद भी उन पर कार्रवाई नहीं है. मुख्यमंत्री को लिखे इस्तीफ में उन्होंने बताया कि शराब दुका के ठेकेदार धामनोद एवं सुन्द्रेल द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और जातिसूचक शब्दों का प्रयोद किया. मेरे खिलाफ षडयंत्र रचा गया, जिससे मैं बहुत आहत हुआ. उन्होेंने लिखा कि शराब की दुकान धामनोद एवं सुन्द्रेल को हटाने की कार्यवाही की जाए और राधेश्याम राय अतिरिक्त जिला अधिकारी धार के द्वारा भी हटाया जाए. इनका भी शराब माफिया के साथ अवैध परिववहन एवं बिक्री में पूर्ण सहयोग किया जा रहा है. मेड़ा ने लिखा कि मेरे एवं मेरी पार्टी के कार्यकर्ता के खिलाफ जो रिपोर्ट लिखी गई है, उसे वापस ली जाए एवं जिन्होंने मेरे खिलाफ थाना धामनोद में नारेबाजी की एवं गाली गलौच की उनके खिलाफ वीडियो फुटेज से जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाए.
मुख्यमंत्री के साथ पहुंचे कार्यक्रम में
बंद कमरे में हुई चर्चा के बाद विधायक पांचीलाल मेड़ा मुख्यमंत्री कमलनाथ के साथ आदिवासी विकास परिषद के एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे. इस कार्यक्रम में सांसद कांतिलाल भूरिया भी शामिल हुए. इसके अलावा ओंमकार सिंह मरकाम भी उपस्थित रहे. कार्यक्रम के दौरान मंच पर मेड़ा गृह मंत्री बाला बच्चन के बाजू में बैठे रहे.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें