![]() |
| दिग्विजय सिंह |
मध्यप्रदेश में भोपाल संसदीय क्षेत्र के लिए दिग्विजय सिंह को प्रत्याशी घोषित किए जाने पर विपक्ष ने सिंह को आड़े हाथों लेना शुरु कर दिया है. पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंंह चौहान और पूर्व मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. शिवराज ने कहा कि अब दिग्विजय का बंटाढ़ार तय है, तो कैलाश ने दिग्विजय सिंह, मुख्यमंत्री कमलनाथ और सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया की चाल में फंस गए हैं.
दिग्विजय सिंह को भोपाल से प्रत्याशी बनाए जाने पर भाजपा नेता उन पर लगातार कटाक्ष कर रहे हैं. भाजपा की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सिंह के खिलाफ मोर्चा खोला और तंज कसते हुए कहा कि भोपाल से उनका बंटाढ़ार होना तय है. दिग्विजय सिंह भाजपा के सामने कोई चुनौती नहीं है. शिवराज ने 29 सीटों पर जीत का दावा किया है. पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खुद के भोपाल से चुनाव लड़ने के फैसले को पार्टी पर छोड़ा है. पार्टी जैसा चाहेगी वैसा किया जाएगा. उन्होंने कहा है कि भाजपा में बदला लेने की प्रवृत्ति नहीं है. भोपाल के लिए प्रत्याशी सोच समझकर उतारा जाएगा. उन्होंने राहुल गांधी को दुनिया का सबसे बड़ा झूठा बताया है. उन्होंने कहा वो जैसे हैं वैसा दूसरों को बताने की कोशिश करते हैं. शिवराज ने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ में कहा कि उनका पराक्रम और पारदर्शिता अपने आप में उदाहरण है.
भोपाल से चुनाव लड़ना चाहते हैं कैलाश
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश ने दिग्विजय पर चुटकी लेते हुए कहा कि सिंधिया और कमलनाथ ने दिग्विजय को फंसा दिया है. भोपाल सबसे मजबूत सीट है, उनका बंटाधार होना तय है. विजयवर्गीय ने दिग्विजय को चुनौती दी है कि पार्टी अगर मौका दें तो वे भोपाल से दिग्विजय सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि दिग्विजय के खिलाफ लड़ने में बड़ा मजा आएगा.
जयवर्धन ने बताया चुनौतियां स्वीकार करने वाला नेता
प्रदेश में कांग्रेस के लिए सबसे कठिन लोकसभा क्षेत्र माने जाने वाले भोपाल से पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के मैदान में उतरने पर उनके बेटे जयवर्धन सिंह ने शेरो-शायरी से पिता का हौसला बढ़ाया है. जयवर्धन सिंह ने पिता के साथ अपनी फोटो जारी करते हुए एक शेर ट्वीट किया है कि अगर फलक को जिद है, बिजलियां गिराने की, तो हमें भी जिद है, वहीं पर आशियां बनाने की. सर्वत्र दिग्विजय, सर्वदा दिग्विजय. जयवर्धन ने अपनी पोस्ट के जरिए दिग्विजय को चुनौतियों को स्वीकार करने वाला नेता बताया है.
मालवा से क्यों नहीं लड़ सकते ग्वालियर के नेता
पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने भी दिग्विजय सिंह के भोपाल से चुनाव लड़ने का समर्थन किया और नाम न लेते हुए सीधे तौर पर सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया पर हमला भी बोला है. अजय सिंह ने कहा कि अगर दिग्विजय सिंह भोपाल से चुनाव लड़ सकते हैं तो ग्वालियर-चंबल के नेता मालवा से चुनाव क्यों नहीं लड़ सकते हैं.
पाकिस्तान में बंट रही होगी मिठाई
हुजूर के विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि दिग्विजय सिंह को भोपाल से टिकट मिलने पर भोपाल के कांग्रेस नेताओं में कोई उत्साह नहीं है. भोपाल की जनता भी खुश नहीं है, यह जरुर है कि उनके (दिग्विजय सिंह) के भोपाल से चुनाव लड़ने पर पाकिस्तान में जरुर मिठाईयां बंट रही होगी. उन्होंने कहा कि भोपाल की जनता राष्ट्रवादी है और वह उस व्यक्ति का विरोध करती है जो आतंकवादियों का समर्थक हो और शहीदों का मजाक उड़ाए.
हम जिताऊ प्रत्याशी ही मैदान में उतारेंगे
मध्यप्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने दिग्विजय सिंह को भोपाल से प्रत्याशी बनाए जाने पर कहा कि दिग्विजय सिंह हमारे लिए चुनौती नहीं है. वे कांग्रेस के लिए चुनौती हो सकते हैं. उन्होंने कहा कि हम भोपाल में जिताऊ प्रत्याशी ही मैदान में उतारेंगे. शिवराज सिंह चौहान को भोपाल से प्रत्याशी बनाए जाने को लेकर उन्होंने कहा कि इसका फैसला पार्टी हाईकमान को लेना है, वे नहीं लेंगे. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हम अपने लक्ष्य पर खरा उतरेंगे और 25 से ज्यादा सीटों पर जीत हासिल करेंगे.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें