रविवार, 3 मार्च 2019

सबूत को लेकर दिग्विजय पर भाजपा का हमला, बेटे ने किया समर्थन

बाबूलाल गौर 
दिग्विजय सिंह 
 दो पूर्व मुख्यमंत्रियों ने घेरा दिग्विजय को, गौर ने कहा लग रहा हार का डर
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर ने एयर स्ट्राइक के सबूत मांगने पर विपक्ष पर करारा हमला बोला है. उन्होंने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि सिंह को लोकसभा चुनाव में हार का डर सता रहा है, इसलिए वे एयर स्ट्राइक के सबूत मांग रहे हैं. उन्होंने कहा कि जब तीनों सेनाओं के प्रमुखों ने इसे लेकर अपने बयान दे दिए तो सबूत की आवश्यकता ही नहीं होती है. सेना प्रमुख किसी पार्टी के नहीं होते हैं.
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के शनिवार को दिए बयान पर आज राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर ने करारा जवाब दिया है. गौर ने दिग्विजय सिंह द्वारा एयर स्ट्राइक के सबूत मांगे जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि तीनों सेना प्रमुखों ने खुद देश की जनता को मीडिया के सामने आकर एयर स्ट्राइक के बारे में बताया है यही सबसे बड़ा सबूत है.  सेना के प्रधान किसी पार्टी के नहीं, वो सबूत दे रहे है दिग्विजय सिंह उनसे सवाल करें. सिंह पर निशाना साधते हुए गौर ने कहा कि दिग्विजय सिंह को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन वे चुनाव से डर रहे हैं, उनको लगता है कि एयर स्ट्राइक का लाभ भाजपा और नरेंद्र मोदी को मिलेगा.  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तारीफ करते हुए बाबूलाल गौर ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने जो कार्रवाई की है, कांग्रेस ने आज तक नहीं की. मुंबई हमले में 82 लोग मारे गए थेख तब कांग्रेस की सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं कर पाई थी.  गौर ने कहा कि हर युद्ध में रूलिंग पार्टी को फायदा मिलता है. 
यहां उल्लेखनीय है कि  शनिवार को दिग्जिवय सिंह ने विवादित बयान देते हुए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान को अभिनंदन की वापसी पर बधाई दी थी और एयर स्ट्राइक को लेकर केन्द्र सरकार से सबूत मांगे थे. हालांकि उन्होंने सीधे तौर पर सबूत न मांगते हुए कहा था कि केन्द्र सरकार को सबूत मांगने वालों को सबूत देकर उनके मुंह पर तमाचा मारना चाहिए.
दूसरों का कद बढ़ता नहीं देख सकते कांग्रेसी


मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिग्विजय सिंह के एयर स्ट्राइक के सबूत मांगने वाले बयान पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि दिग्विजय, मोदी के विरोध में अंधे हो गए हैं. ये देश के लिए कलंक है हमारी सेना की साख पर सवाल खड़े करना कैसी देशभक्ति है. साथ ही शिवराज ने कांग्रेस के लोग दूसरे का कद बढ़ते नहीं देख पाते. उन्होंने कहा कि दिग्विजय के बयान से देशविरोधी ताकतों को ताकत मिलती है. मैं उनके बयान और भाषा की निंदा करता हूं. दिग्विजय सिंह हमारी सेना के शौर्य को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं. शिवराज सिंह ने कहा कि सबूत मांगने वाले ये वे ही नेता हैं जिन्होंने आतंकवादियों के नाम के पीछे जी लगाते हैं. 
बेटा उतरा पिता के समर्थन में
मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री जयवर्धन सिंह पिता के बचाव में मैदान में उतर आए हैं. जयवर्धन ने कहा है कि मैंने उनका बयान सुना है. उन्होंने कोई गलत बात नहीं कही है. दिग्विजय सिंह ने केवल डैमेज कितना हुआ, इसकी डिटेल मांगी है. देश भी ये जानकारी चाहती है. हम सेना के साथ खड़े हैं.  भाजपा के पास मुद्दे नहीं हैं, इसलिए वह इन बातों को मुद्दा बना रही है. कांग्रेस ने 60 दिन में इतने काम कर दिए जितना भाजपा राज्य में 15 साल में नहीं की थी.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें