मंगलवार, 26 मार्च 2019

एक ने पैदल और दूसरे ने की विज्ञापन के माध्यम से की नर्मदा यात्रा

राज्य के नगरीय निकाय मंत्री और दिग्विजय सिंह के पुत्र जयवर्धन सिंह ने आज पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह ने वास्तविक रुप से पैदल चलकर नर्मदा की यात्रा की है, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विज्ञापनों के माध्यम से यह यात्रा पूरी की है. सिंह ने कहा कि भोपाल से भाजपा किसे टिकट देगी, यह भाजपा का मामला है, मगर यह सच है कि हम उसका पूरी ताकत के साथ मुकाबला करेंगे. एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि चुनाव मैदान में कोई किसी का पिता या बेटा नहीं होता, बल्कि प्रत्याशी होता है. हम सब कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं और कांग्रेस की जीत के लिए मैदान में हैं. उन्होंने कहा कि जब कोई राष्ट्रीय स्तर का नेता किसी सीट से मैदान में होता है तो कई सीटों और समीकरणों को वह प्रभावित करता है. यही वजह है कि भाजपा नेता दिग्विजय सिंह के भोपाल से मैदान में उतारने जाने के बाद से अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं, उनकी बयानबाजी से कोई फर्क नहीं पड़ता है.
अरुण यादव से खफा कांग्रेसी
प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव के खिलाफ खंडवा संसदीय क्षेत्र के कांग्रेस नेता लामबंद हो गए हैं. कांग्रेस नेताओं ने यादव के खिलाफ मोर्चा खोलकर साफ कह दिया कि खण्डवा संसदीय क्षेत्र में इस बार बाहरी प्रत्याशी नहीं चलेगा. खण्डवा संसदीय क्षेत्र का मतदाता जो हो उसे पार्टी टिकट दे. विरोध कर रहे खण्डवा के कांग्रेस नेताओं पूर्व विधायक राजनारायण सिंह, कांग्रेस कमेटी के महासचिव परमजीत सिंह नारंग, बुरहानपुर के निर्दलीय विधायक सुरेन्द्र सिंह शेरा आदि नेता हैं. शेरा ने तो यहां तक चेतावनी दे दी है कि अगर पार्टी ने यादव को टिकट दिया तो वे अपनी पत्नी को चुनाव मैदान में निर्दलीय प्रत्याशी के रुप में उतार देंगे. उल्लेखनीय है कि खण्डवा के कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि यादव ने खण्डवा संसदीय क्षेत्र के नेताओं की सदैव उपेक्षा की है. वे जब अध्यक्ष रहे तो यहां के नेताओं को संगठन में पीछे धकेला है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें