गुरुवार, 7 मार्च 2019

मध्यप्रदेश सरकार ने किया किसानों के साथ छल

शाह ने कहा सरहदों से छेड़छाड़ करोगे तो परिणाम एयर स्ट्राइक जैसा होगा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि मध्यप्रदेश की कांग्रेस सरकार ने किसानों को छलने का काम किया है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुनिया को दिखा दिया कि भारत की सरहदों के साथ अगर छेड़छाड़ की गई तो परिणाम क्या होता है.
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह आज मध्यप्रदेश के सागर के समीप बामोरा में आयोजित संभागीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे. शाह ने कहा कि  कांग्रेस ने प्रदेश में चुनाव से पहले लोगों से वचन किए थे, किसानों से वचन किया था कर्ज माफ करने का, अब तक किसानों का कर्ज माफ नहीं हुआ है. शाह ने  केंद्र की मोदी सरकार के कामकाज का हिसाब-किताब देते हुए कांग्रेस से 55 साल का हिसाब भी मांगा. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने अपने कार्यकाल में जितने काम किए हैं, उनके बारे में मैंने यहां आपको बता दिया, अब कांग्रेस की बारी है. उन्हें 55 साल के कार्यकाल में किए गए कामों को जनता के सामने बताना चाहिए.
सबूत मांगने वालों को जवाब देगी जनता
भाजपा के अध्यक्ष  ने कहा कि जब भारतीय वायुसेना के अधिकारी आतंकवादियों के ठिकानों पर किए गए  हवाई हमले की पुष्टि कर चुके हैं तो ऐसे में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को इस हमले के सबूत मांगने पर शर्म आनी चाहिए. उन्होंने कहा कि राहुल बाबा को एयर स्ट्राइक के सबूत चाहिए.  शर्म आनी चाहिए आपको, जब भारतीय वायुसेना के अधिकारी प्रेस कांफ्रेंस करके कह चुके हैं कि आतंकवादियों के ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की गई है तो उन पर शंका कर आप देश के हजारों शहीदों का अपमान कर रहे हैं. इसका जवाब जनता आपको चुनाव में देगी. शाह ने कहा कि अपने लोगों पर हुए हमले का बदला लेने के लिए विश्व में केवल दो ही देश अमेरिका और इजराइल जाने जाते थे, लेकिन सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अब इसमें भारत का नाम भी शामिल करा दिया है.
लॉ एंड आर्डर अब हो गया लो और आर्डर करो
 अमित शाह ने कहा कि प्रदेश में जब भाजपा की सरकार थी तब ला एंड आर्डर का मतलब होता था कानून-व्यवस्था, कांग्रेस सरकार आने के बाद इसका मतलब हो गया है लो और आर्डर करो, यानी घूस लो और काम करो.  शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लिए पात्र किसानों की सूची अभी तक मध्य प्रदेश सरकार ने केंद्र सरकार को उपलब्ध नहीं कराई है, जिससे यहां के किसानों को अभी तक इस योजना का लाभ नहीं मिल पाया है. शाह ने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश सरकार आयुष्मान भारत योजना में अड़ंगे लगा रही है. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें