![]() |
| सुंदरलाल तिवारी |
कांग्रेस के पूर्व सांसद और वरिष्ठ नेता सुंदरलाल तिवारी का दिल का दौरा पड़ने के बाद आज सोमवार की सुबह निधन हो गया है. तिवारी को तबीयत खराब होने के बाद इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
कांग्रेस के पूर्व सांसद और विधायक सुंदरलाल तिवारी को आज सुबह दिल का दौरा पड़ा इसके बाद उन्हें परिजन अस्पताल ले गए. यहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई. वे विधायक और सांसद रह चुके हैं. उनके निधन की खबर मिलने के बाद समर्थकों में शोक की लहर छा गई. तिवारी मध्यप्रदेश में सफेद शेर के नाम से मशहूर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष स्वर्गीय श्रीनिवास तिवारी के बेटे थे.
तिवारी के निधन पर प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने दुख व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि तिवारी की हृदयाघात से निधन की खबर दु:खद है. ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को दु:ख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हंू. वहीं सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी तिवारी के निधन पर शोक व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व सांसद सुंदरलाल तिवारी के दु:खद निधन पर उन्हें मेरी विनम्र श्रद्धांजलि. ईश्वर से प्रार्थना करता हंू कि दिवंगत आत्मा को शांति और परिजनों को इस कठिन समय में दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करे. पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुंदरलाल तिवारी के निधन का दुखद समाचार मिला है. ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिजनों को इस पीड़ा को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं. उन्होंने तिवारी को श्रद्धांजलि दी. विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने कहा कि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष स्वर्गीय श्रीनिवास तिवारी के पुत्र पूर्व सांसद सुंदरलाल तिवारी के निधन का दु:खद समाचार है. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे एवं परिवार के सदस्यों को दुखद घड़ी में संबल प्रदान करे.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें