सोमवार, 25 दिसंबर 2023

मोहन मंत्रिमंडल के 28 सदस्यों ने ली शपथ

18 कैबिनेट, 6 राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार और 4 को बनाया राज्यमंत्री


भोपाल। मध्यप्रदेश में आज मुख्यमंत्री डा मोहन यादव के मंत्रिमंडल के सदस्यों को राजभवन में राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने शपथ दिलाई। कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल सहित 28 मंत्रियों ने शपथ ली। इनमें 18 ने कैबिनेट, 6 को राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार और 4 को राज्यमंत्री की शपथ ली है।
प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर पिछले कई दिनों से चल रहे मंथन और अटकलों के दौर पर आज सोमवार की दोपहर को विराम लग गया है। डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में नई भाजपा सरकार बनने के 12 दिन बाद मंत्रिमंडल के 28 मंत्रियों को ष्शपथ दिलाई गई। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। मंत्रिमंडल में पांच महिलाओं को ष्शामिल किया गया है। जबकि सांसद से विधायक बने तीन विधायकों प्रहलाद पटेल, राकेश सिंह और राव उदयप्रताप सिंह को कैबिनेट मंत्री बनाया है। वहीं कैलाश विजयवर्गीय को भी कैबिनेट मंत्री की शपथ दिलाई गई है। सबसे ज्यादा ओबीसी वर्ग से 11 विधायकों को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है।    
शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री डॉ यादव के अलावा उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश भाजपा पदाधिकारी, वरिष्ठ अधिकारी और नागरिक मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन मुख्य सचिव वीरा राणा ने किया।
इन्हें बनाया कैबिनेट मंत्री
प्रद्युम्न सिंह तोमर, तुलसी सिलावट, एदल सिंह कंसाना, नारायण सिंह कुशवाहा, विजय शाह, राकेश सिंह, प्रह्लाद पटेल, कैलाश विजयवर्गीय, करण सिंह वर्मा, संपतिया उईके, उदय प्रताप सिंह, निर्मला भूरिया, विश्वास सारंग, गोविंद सिंह राजपूत, इंदर सिंह परमार, नागर सिंह चौहान, चैतन्य कश्यप, राकेश शुक्ला।
इन्हें सौंपा राज्यमंत्री का स्वतंत्र प्रभार
कृष्णा गौर, धर्मेंद्र लोधी, दिलीप जायसवाल, गौतम टेटवाल, लेखन पटेल, नारायण पवार,
इन्हें बनाया राज्यमंत्री
प्रतिभा बागरी, नरेन्द्र शिवाजी पटेल, राधा सिंह, दिलीप अहिरवार।
यह भी अजब संयोग
2018 में कमलनाथ सरकार बनने के बाद भी पहला मंत्रिमंडल विस्तार 25 दिसंबर को हुआ था, जबकि मुख्यमंत्री मोहन यादव का पहला मंत्रिमंडल विस्तार भी 25 दिसंबर को हुआ। इसके अलावा खास बात यह है कि तब भी 28 मंत्रियों ने शपथ ली थी, जबकि इस बार भी डा मोहन यादव के मंत्रिमंडल में 28 मंत्री बनाए गए हैं। खास बात यह भी है कि मोहन यादव की कैबिनेट में कुछ मंत्री ऐसे भी हैं, जिन्होंने 2018 में कमलनाथ सरकार में भी मंत्रिपद की शपथ ली थी. लेकिन बाद में वह भाजपा में शामिल हो गए थे। इस बार भी उन नामों में तुलसी सिलावट, गोविंद सिंह राजपूत और प्रद्युम्न सिंह तोमर ऐसे विधायक हैं जिन्होंने 2018 में भी शपथ ली थी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें