शनिवार, 9 दिसंबर 2023

शिवराज ने कहा सभी को राम-राम, चौंक गए राजनेता

राजनीतिक विलेश्षक  अपने तरह से निकालते रहे चार शब्दों के मायने


भोपाल। प्रदेश में अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इसे लेकर छाया संशय तो सोमवार को हटेगा, लेकिन इस बीच आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का एक ट्वीट सभी को चौंका गया है। उनके इस ट्वीट के कई तरह के मायने भी निकाले जा रहे हैं। दरअसल मुख्यमंत्री ने आज सुबह एक ट्वीट कर कहा सभी को राम-राम। 

प्रदेश में विधानसभा चुनाव की मतगणना के परिणाम 3 दिसंबर को आए, लेकिन भाजपा अब तक मुख्यमंत्री का नाम तय नहीं कर पाई। इसे लेकर अब भी संशय छाया हुआ है। यह सोमवार को शाम को होनी वाली विधायक दल की बैठक के बाद ही दूर होगा। मगर दावेदारों के नाम अब भी सोशल मीडिया से लेकर नेताओं के बीच चल रहे हैं। दावेदारों को भी यह समझ नहीं आ रहा है कि उनकी दावेदारी कितनी सफल रहेगी। इस बात को लेकर उन्हें भी चिंता है। इस बीच आज सुबह-सुबह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने ट्वीटर हैंडल पर एक ट्वीट कर दिया। इस ट्वीट में सिर्फ उन्होंने यह लिखा कि सभी को राम-राम। मुख्यमंत्री के ट्वीट किए इन चार शब्दों ने एक बार फिर राजनीति को गर्मा दिया है। लोग तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं, राजनीतिक समीक्षक अपने तरह से इसके मायने निकाल रहे हैं, गलियारों में इसकी चर्चा होने लगी। कुछ का अनुमान है कि शिवराज सिंह चौहान को इस बात के संकेत केन्द्रीय नेतृत्व से मिले हों कि वे मुख्यमंत्री की रेस में नहीं है। इस तरह के अनुमान और अटकलें इस ट्वीट के बाद राजधानी में आज राजनीतिक पारे को चढ़ाती रही। 

पहले भी हुए हैं इमोशनल

यह कोई पहला अवसर भी नहीं है, जब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इस तरह से इमोशनल हुए हों। वे पहले भी इस तरह तरह इमोशनल होते रहे हैं। चुनाव के दौरान प्रत्याशी की प्रकिया के चलते प्रत्याशी चयन को लेकर जब सवाल उठ रहे थे तब भी उन्होंने सीहोर जिले में एक सभा के दौरान जनता से यह पूछ लिया था कि मामा को चुनाव लड़ना चाहिए या नहीं, मुख्यमंत्री बनना चाहिए या नहीं? जनता ने उनका साथ हाथ उठाकर दिया था। वहीं वे भावुक होकर लाड़ली बहनों को संबोधित करते हुए यह भी कह चुके हैं कि तुम्हारा भाई तुमको बहुत याद आएगा। 

हम सुबह सबको राम-राम करते हैं : शर्मा 

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के इस ट्वीट को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि हमारी संस्कृति में सुबह की शुरूआत हम सबसे पहले राम राम से करते हैं। यह राम का देश है। हम सभी सुबह राम-राम करते हैं। पूरा देश ही राम-राम कर रहा है।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें