शुक्रवार, 8 दिसंबर 2023

हार को लेकर लक्ष्मण सिंह ने उठाए सवाल


कहा सर्वे में भीतरघात का आकलन नहीं हो सकता

भोपाल। कांग्रेस को मिली करारी हार के बाद लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं। कोई ईवीएम को लेकर सवाल उठा रहा है तो कोई संगठन को लेकर ही सवाल खड़े कर रहा है। वहीं आज एक बार फिर दिग्विजय सिंह के भाई लक्ष्मण सिंह ने पार्टी के अंदर होने वाले भीतरघात को लेकर सवाल उठाए हैं। 

प्रदेश कांग्रेस द्वारा बीते दिनों प्रत्याशियों की बैठक बुलाई थी। इस बैठक में हारे और जीते दोनों ही प्रत्याशियों ने कई तरह के सवाल खड़े करते हुए कांग्रेस की हार के कारण गिनाए थे। इनमें अधिकांश ने ईवीएम और पार्टी नेताओं द्वारा भीतरघात किए जाने को लेकर सवाल खड़े किए थे। कुछ ने तो साफतौर पर कहा था कि जिन पदाधिकारियों ने भीतरघात किया है उन्हें संगठन को बाहर का रास्ता दिखाना चाहिए। संगठन पर उठ रहे सवालों के तहत आज फिर दिग्विजय सिंह के भाई लक्ष्मण सिंह ने हार को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने ट्वीटर पर लिखा है कि कांग्रेस के सर्वे में मध्य प्रदेश में कांग्रेस जीत रही थी, सही भी था, दुर्भाग्यवश सर्वे में भीतरघात कहां-कहां होगा यह आंकलन नहीं हो सकता। यही मुख्य कारण है वर्षों से कांग्रेस की हार का। दरअसल लक्ष्मण सिंह खुद भी इस बार विधानसभा का चुनाव हार गए हैं। चाचौड़ा विधानसभा से उन्हें 61 हजार मतों से हार मिली है। इसे लेकर वे लगातार ईव्हीएम और पार्टी के अंदर किए जाने वाले भीतरघात को लेकर सवाल उठा रहे हैं। 


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें