भोपाल। बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन से शनिवार को ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअली जुड़े। उज्जैन के दशहरा मैदान पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए। उन्होंने ‘मोदी की गारंटी’ नाम की वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।यात्रा का शुभारंभ करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प के साथ मोदी की गारंटी वाली गाड़ी देश के कोने-कोने में पहुंच रही है। इस यात्रा को शुरू हुए एक महीना पूरा हो चुका है। इस एक महीने में ये यात्रा हजारों गांवों के साथ-साथ डेढ़ हजार शहरों में भी पहुंच चुकी है। इनमें से अधिकतर शहर छोटे शहर हैं। उन्होंने कहा कि आज से राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में भी इस यात्रा का आरंभ हो गया है। चुनाव आचार संहिता की वजह से इन राज्यों में अब तक ये यात्रा शुरू नहीं हो पाई थी। मेरा हर राज्य की नई सरकार से आग्रह है कि विकसित भारत संकल्प यात्रा का अपने राज्य में तेजी से विस्तार करें।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प में हमारे शहरों की बहुत बड़ी भूमिका है। आजादी के लंबे समय तक जो भी विकास हुआ, उसका दायरा देश के कुछ बड़े शहरों तक सीमित रहा, लेकिन आज हम देश के टीयर 2 और टीयर 3 शहरों के विकास पर बल दे रहे हैं। देश के सैंकड़ों छोटे शहर ही विकसित भारत की भव्य इमारत को सशक्त करने वाले हैं।
26 जनवरी को होगा यात्रा का समापन
विकसित भारत संकल्प यात्रा का उद्देश्य सरकार की जनहितैषी योजनाओं के बारे में लोगों को जागरूक करना, योजनाओं का लाभ वंचित एवं आकांक्षी लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाना है। यात्रा का समापन 26 जनवरी 2024 को होगा। यात्रा, भारत सरकार द्वारा मोबाइल वैन के माध्यम से प्रत्येक वार्ड और गांव से होकर गुजरेगी। इस वैन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का उद्बोधन, योजनाओं की जानकारी और योजनाओं से संबंधित चलचित्र प्रदर्शित होगा। पंपलेट, बुकलेट आदि वितरित किए जाएंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें