सोमवार, 25 दिसंबर 2023

लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस

अनुषांगिक संगठनों को सक्रिय करने में जुटे प्रदेश अध्यक्ष

भोपाल। विधानसभा चुनाव में भाजपा के हाथों मिली करारी हार के बाद प्रदेश कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी जितेंद्र सिंह 26 दिसंबर को भोपाल में प्रदेश पदाधिकारियों, जिला कांग्रेस अध्यक्ष व प्रभारियों के सा
थ बैठक करने का फैसला किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने अनुषांगिक संगठनों की एक-एक करके समीक्षा प्रारंभ की है, जिसमें सभी के लिए लोकसभा चुनाव के लक्ष्य निर्धारित किए जाएंगे। 

प्रदेश कांग्रेस में बदलाव के बाद अब लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर इन दिनों सक्रियता दिखने लगी है। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने  संगठन में कसावट लाने के लिए बैठकों का दौर ष्शुरू कर दिया है। वहीं पार्टी के केन्द्रीय नेताओं की सक्रियता भी प्रदेश में बढ़ने वाली है। हाल ही में प्रदेश के प्रभारी बनाए गए जितेंद्र सिंह कल 26 दिसंबर को भोपाल आ रहे हैं। वे प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के साथ कांग्रेस पदाधिकारियों संग बैठक करेंगे। साथ ही संगठन में मैदानी सक्रियता बढ़ाने की बात कहेंगे। फिर से कांग्रेस अपने अनुषांगिक संगठनों को लोकसभा चुनाव के लिए सक्रिय करने की तैयारी कर रही है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए बूथ स्तर पर संपर्क कार्यक्रम भी जल्द प्रारंभ किया जाएगा। कांग्रेस ने अपने पक्ष में मतदान प्रतिशत बढ़ाने को लेकर कार्ययोजना बनाई जा सकती है। दरअसल, विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को 40.40 मत मिले, जो पिछले चुनाव से .49 प्रतिशत कम रहा। 

इन सीटों पर कांग्रेस का रहेगा फोकस

प्रदेश के 29 लोकसभा क्षेत्रों में से केवल एक छिंदवाड़ा में ही कांग्रेस 2019 में जीती थी। पार्टी नेताओं का मानना है कि भले ही विधानसभा चुनाव में हार मिली हो पर दस लोकसभा क्षेत्र ऐसे हैं जहां कांग्रेस ने भाजपा पर बढ़त बनाई है। छिंदवाड़ा लोकसभा क्षेत्र में आने वाली सभी सातों विधानसभा सीटें कांग्रेस ने जीती हैं। इसी तरह मुरैना की पांच, भिंड की चार, ग्वालियर की चार, टीकमगढ़ की तीन, मंडला की पांच, बालाघाट की चार, रतलाम की चार, धार की पांच और खरगोन लोकसभा क्षेत्र की आठ विधानसभा सीटों में से पांच पर भाजपा को हार का सामना करना पड़ा है। पार्टी ने इसे ध्यान में रखते हुए लोकसभा चुनाव की तैयारी प्रारंभ की है। एक सप्ताह तक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी अनुषांगिक संगठनों के साथ बैठक कर आगामी चुनाव के लिए लक्ष्य निर्धारित करेंगे।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें