पूर्व मंत्री और विधायक खाली नहीं कर रहे बंगले
भोपाल। चुनाव हारने के बाद भी पूर्व विधायकों का राजधानी में बंगले के प्रति मोह छूट नहीं रहा है। विधानसभा और गृह विभाग द्वारा नोटिस दिए जाने के बाद भी बंगले खाली नहीं किए जा रहे हैं। इसके चलते अब गृह विभाग ने ऐसे पूर्व विधायकों की जानकारी मुख्यमंत्री सचिवालय भेजी है। विभाग अब मुख्यमंत्री के निर्देश का इंतजार कर रहा है, इसके बाद कड़े कदम उठाए जा सकते हैं।
प्रदेश में विधानसभा चुनाव परिणाम आने के साथ ही विधानसभा सचिवालय ने चुनाव हारे विधायकों को बंगले खाली करने के लिए कहा था। इसके बाद उन्हें नोटिस भी दिए गए। हारे विधायकों की जानकारी विधानसभा सचिवालय द्वारा गृह विभाग को भी भेज दी गई थी। इसके बाद से लगातार गृह विभाग द्वारा हारे हुए विधायकों से बंगले खाली करने के लिए आग्रह कर रहा है। विधायकों में पूर्व मंत्री भी शामिल हैं, जो चुनाव हार गए, मगर बंगले के प्रति उनका मोह अभी कम नहीं हुआ है। इसके चलते वे बंगले खाली नहीं कर रहे हैं, बल्कि यह प्रयास कर रहे हैं कि किसी तरह उनका बंगला बच जाए। इसके चलते नए विधायकों को बंगले आवंटन करना गृह विभाग के लिए मुसीबत बन गया है।
बताया जा रहा है कि करीब तीस पूर्व विधायकों ने नोटिस दिए जाने के बाद भी बंगले खाली नहीं किए गए हैं। इसके कारण परेशानी हो रही है। वहीं 22 बंगले ऐसे हैं, जो जिनके लिए 84 विधायकों ने उन्हें आवंटित किए जाने की मांग कर डाली है। इस स्थिति को देख अब गृह विभाग ने मुख्यमंत्री सचिवालय को सारी जानकारी भेज दी है।
पटवारी के चक्कर में गौतम हो रहे परेशान
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने नरेन्द्र सिंह तोमर के विधानसभा अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद विधानसभा अध्यक्ष को आवंटित बंगला खाली कर दिया है। उन्होंने बंगला खाली करने के साथ ही विभाग को जानकारी दी कि पूर्व विधायक जीतू पटवारी जो की चुनाव हार गए हैं, उनको जो आवंटित बंगला है वह उन्हें दिया जाए। मगर पटवारी ने भी अब तक बंगला खाली नहीं किया है। वे इस बात का इंतजार कर रहे हैं कि प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते उन्हें यही बंगला आवंटित हो जाए। इसके चलते गिरीश गौतम अब परेशान बंगले के लिए परेशान हो रहे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें