भोपाल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने एनएसयूआई पदाधिकारियों से आग्रह किया कि सभी को साथ लेकर काम करें और लोकसभा चुनाव की तैयारी के लिए मैदानी मोर्चा संभालें। जनहित के कामों वे अपनी सहभागिता को सुनिश्चित करें।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने एनएसयूआई के छात्रों से संवाद करते हुए कहा कि आज देश में नई-नई तकनीकों का उपयोग हो रहा है। खेल, संवाद या अन्य तरह की सामाजिक गतिविधियों में ध्यान आकर्षित, ज्यादा से ज्यादा रूचि लेकर काम स्वयं जुड़े और अधिक से अधिक छात्रों को जोड़े। सभी का साथ लेकर सहयोग की भावना से पार्टी की मजबूती के लिए काम करें। क्रांति के लिए चिन्हित की गई नींव ही छात्र राजनीति का पहला पहलू है। हर छात्र नेता का पहला लक्ष्य अपने साथियों के साथ मिलकर समाज सेवा, कॉलेजों में अपने साथियों के मिलकर जनता के हितों में किये जा रहे कार्यों में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करना। उन्होंने कहा कि छात्र राजनीति में लड़कियों की ज्यादा भागीदारी हो इस पर भी हमें ज्यादा विचार करने की आवश्यकता है। पटवारी ने एनएसयूआई संगठन को मजबूती प्रदान करने और आगामी लोकसभा चुनाव में अभी से पूरी ताकत के साथ जुटकर काम करने और लक्ष्य निर्धारित करने की बात कही।
कांग्रेस की रीति-नीति को घर-घर पहुंचाएं
पटवारी ने सेवादल पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र को बचाने और उसे संगठन को मजबूत कर उसे ताकत देने की जिम्मेदारी हम सभी की है। सेवादल अनुशासन के लिए जाना जाता है और सेवादल के एक-एक सिपाही का दायित्व है कि वह घर-घर जाकर अनुशासनात्मक तरीके से कांग्रेस की रीति-नीति, सिद्धांतों, विचारों को जन-जन तक पहुंचायें। सेवादल का कार्यकर्ता प्रेम, त्याग और बलिदान की भावना से देश की सेवा करता है। जो भारत की मूल विचारधारा है, भगवान राम, बुद्ध की विचारधारा है जो हिन्दू धर्म की मूल भावना है भारत वर्ष की मूल भावना है, सभी धर्मों की मूल भावना है वहीं कांग्रेस की मूल भावना है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें