बुधवार, 20 दिसंबर 2023

नए विजन, नई ऊर्जा के साथ प्रदेश निर्माण में सरकार ने काम किया शुरू

राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने विधानसभा में दिया अभिभाषण 

भोपाल। राज्यपाल मंगू भाई पटेल  ने कहा मेरी सरकार ने कार्यभार ग्रहण करते ही आजादी के अमृतकाल में प्रदेश की साढ़े 8 करोड़ जनता के लिए विकसित भारत हेतु विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण के नये विज़न और नए मिशन पर नई ऊर्जा, नए उत्साह, नए उल्लास, नई उमंग और नये संकल्प के साथ काम करना प्रारंभ कर दिया है। सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास और सबका प्रयास प्रधानमंत्री के इस मूल मंत्र को लक्ष्य बनाकर मध्यप्रदेश को हर क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने का संकल्प-पत्र-2023, मेरी सरकार ने आत्मसात कर लिया है।
राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने आज बुधवार को विधानसभा में अपने अभिभाशण की शुरुआत में 16वीं विधानसभा के पहले सत्र में सभी का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन, लोकतंत्र का सबसे बड़ा पर्व है। मुझे यह कहते हुए गर्व और प्रसन्नता है कि मध्यप्रदेश में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और स्वतंत्र विधानसभा चुनाव संपन्न हुए हैं। लोकतंत्र के इस महापर्व की सफल पूर्णाहूति के लिए राज्य के सभी सम्माननीय मतदाता, निर्वाचन आयोग, सभी राजनीतिक दल, शासन- प्रशासन तंत्र एवं मीडिया बधाई के पात्र हैं। राज्यपाल ने कहा मध्यप्रदेश शांति का टापू है और ऐसा ही सदा बना रहे, इसके लिए राज्य सरकार कृत संकल्पित है. मेरी सरकार मध्यप्रदेश में अपराधों के नियंत्रण और प्रधानमंत्री की स्मार्ट पुलिसिंग की अवधारणा को मूर्तरूप देने के लिए निरंतर परिणाममूलक कार्य करेगी। प्रत्येक प्रकार के अपराध पर सख्ती से नियंत्रण किया जाएगा, मेरी सरकार ने राष्ट्रीय पर्वों, मध्यप्रदेश स्थापना दिवस आदि गरिमामय समारोहों को ध्यान में रखते हुए हर जिले में पुलिस बैंड तैयार करने का निर्णय लिया है। मध्यप्रदेश केवल शांति का ही नहीं बल्कि जैव-विविधता का भी टापू है।
सुशासन केवल शब्द नहीं, सच्चे अर्थ में चरितार्थ करने का मंत्र
राज्यपाल ने कहा कि मेरी सरकार के लिए सुशासन केवल एक शब्द नहीं, बल्कि उसके हर अक्षर को सच्चे अर्थों में चरितार्थ करने का मंत्र है। पारदर्शी, उत्तरदायी, त्वरित, संवेदनशील और कर्तव्यनिष्ठ कार्य-संस्कृति शासन तंत्र के प्रत्येक स्तर पर सुनिश्चित करना मेरी सरकार का सर्वोपरि लक्ष्य है। यही कारण है कि मेरी सरकार ने कार्यभार संभालते ही 1 जनवरी, 2024 से साइबर तहसील की व्यवस्था को प्रदेश के सभी 55 जिलों में लागू करने का क्रांतिकारी निर्णय लिया है। मेरी सरकार संपदा-2 सॉफ्टवेयर भी संपूर्ण प्रदेश में शीघ्र लागू करने जा रही है, जिसके माध्यम से डिजिटल रजिस्ट्री की प्रक्रिया सरल और सुगम बनेगी।
माई-बाप सरकार का युग हुआ समाप्त
राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के गौरवशाली नेतृत्व में विगत साढ़े 9 वर्षों में भारत में “माई-बाप सरकार“ के युग की समाप्ति और “सेवक सरकार“ के युग का प्रारंभ हुआ है। गरीब और वंचित, एक जमाने में जिनकी कोई पूछ-परख नहीं थी, प्रधानमंत्री उन्हें पूछते भी हैं और पूजते भी हैं। प्रधानमंत्री ने यह स्पष्ट रूप से कहा है कि देश के गरीब, देश के किसान, देश की नारी शक्ति और देश के युवा ही उनकी नजरों में सबसे बड़े वीआईपी हैं।
लाड़ली बहना का जिक्र नहीं
राज्यपाल के अभिभाषण के बाद एक बार फिर मुद्दा गरमा गया है। कांग्रेस ने कहा कि राज्यपाल के अभिभाषण में लाडली बहना योजना का जिक्र तक नहीं हुआ। वहीं इन आरोपों पर भारतीय जनता पार्टी ने पलटवार किया है। कांग्रेस के वरिश्ठ विधायक रामनिवास रावत ने कहा कि उनके अभिभाषण में लाडली बहना योजना का कहीं जिक्र नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि राज्यपाल ने प्रदेश के बजाय केन्द्र की ज्यादा बातें की। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हर विधानसभा में लाडली बहना को 3 हजार देने की बात कही थी। भाजपा ने लाडली बहनों के साथ वादाखिलाफी की है। सबसे पहला आदेश लाडली बहनों 3 हजार देने का होना चाहिए था।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें