बुधवार, 6 दिसंबर 2023

दो हजार का नोट बदलवाने लग रही लंबी-लंबी कतार

प्रदेशभर से आने वाले लोग हो रहे परेशान


भोपाल।   दो हजार रुपए के नोट बदलवाने के लिए प्रदेश के अन्य शहरों से लोग भोपाल पहुंच रहे हैं। अरेरा हिल्स स्थित भारतीय रिर्जव बैंक में सुबह से लंबी कतारें लग रही हैं। लोग अपने सभी काम छोड़कर नोट बदलवाने के लिए परेशान हैं। नोट बदलवाने के लिए यहां सुबह छह बजे से लाइन लग रही हैं। 

बता दें कि बैंक से दो हजार के नोट के बदले उन्हें 10-20 रूपए के सिक्के दिए जा रहे हैं, जिनका वजन 10 से लेकर 15 किलो तक होता है, जिन्हें लोग गठरी बनाकर ले जा रहे हैं। दो हजार के नोटों को जमा करने या बदलने की सुविधा शुरुआत में 30 सितंबर तक देश की सभी बैंक शाखाओं में थी, जिसे बाद में सात अक्टूबर तक बढ़ा दिया गया था, लेकिन त्योहार के चलते या किसी कारणवश लोग नोट बदलवाना भूल गए थे। तब वे किसी भी बैंक में अपने खाते में रुपए जमा कर सकते थे। ये सुविधा 19 मई से भारतीय रिजर्व बैंक के 19 निर्गम कार्यालयों में भी उपलब्ध थी। 19 मई तक चलन में मौजूद दो हजार नोटों में से 97.26 प्रतिशत वापस आ गए हैं।

एजेंट भी हुए सक्रिय

पूरे प्रदेश के लोग भोपाल पहुंच रहे हैं। ये सुबह छह बजे से कतार में लग जाते हैं। इसमें महिलाओं और पुरुषों की एक ही कतार लगाई जा रही है, लेकिन एक दिन में सिर्फ 500 टोकन ही दिया जा रहा है, जिससे दूर से आने वाले लोगों को किसी परिचित के यहां तो होटलों में रात गुजारनी पड़ रही है। यानी नोटों को बदलवाने के लिए उन्हें एक से दो दिन का समय लग रहा है। प्रदेश भर से आने वालों की बढ़ती संख्या को देख नोट बदलवाने के लिए एजेंट भी सक्रिय हो गए हैं। वे एक बार में तीन से चार लोगों के नोट बदलवा रहे हैं। बैंक में भी उन्हें ही प्राथमिकता दी जा रही है। 


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें