बुधवार, 13 दिसंबर 2023

मित्रों अब विदा, जस की तस रख दीनी चदरिया

नए मुख्यमंत्री की शपथ के पहले फिर भावुक नजर आए शिवराज

भोपाल। नए मुख्यमंत्री मोहन यादव के शपथ ग्रहण समारोह से पहले पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एक बार फिर भावुक नजर आए। नियमित कार्यक्रम पौधारोपण के दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि नए मुख्यमंत्री राज्य में समृद्धि, विकास और जन कल्याण को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। मित्रों अब विदा, जस की तस रख दीनी चदरिया। 

राजधानी भोपाल में स्मार्ट पार्क में आज सुबह पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पौधारोपण किया। इसके बाद वह मीडिया से भी मुख़ातिब हुए। शिवराज सिंह चौहान ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, नए मुख्यमंत्री को बधाई, प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत। आज प्रदेश के विकास, समृद्धि और कल्याण का पौधा लगाया है। उन्होंने कहा कि कहा कि मुझे विश्वास है कि नए मुख्यमंत्री राज्य में समृद्धि, विकास और जन कल्याण को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। मित्रों, अब विदा, जस की तस धर दीन्ही चदरिया। अब शिवराज के इस बयान के मायने तलाशे जा रहे हैं। इसके पहले चुनाव परिणाम आने के बाद जब इस बात के कयास लगाए जाने लगे थे कि भाजपा संगठन बदलाव के चलते इस बार मुख्यमंत्री के चेहरे के रूप में वे नहीं है, उसके दौरान भी शिवराज सिंह चौहान ने एक सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा था सबको राम-राम।

 वैसे तो शिवराज सिंह चौहान मध्यप्रदेश के बड़े लोकप्रिय नेता हैं, लेकिन भाजपा ने मोहन यादव को मुख्यमंत्री बनाने का फैसला लेकर एक ही झटके में शिवराज के हाथों से सत्ता खींच ली। वहीं दूसरी और विधायक दल की बैठक के बाद आज प्रदेश के मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह भोपाल के लाल परेड मैदान पर बड़े-बड़े होर्डिंग्स लगाए गए थे, लेकिन इसमें शिवराज सिंह चौहान का पोस्टर गायब नजर आए। 

समर्थकों ने रोका काफिला

नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण में शामिल होने के बाद शिवराज सिंह जैसे ही स्टेडियम से बाहर निकले उनके समर्थकों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया। शपथ ग्रहण स्थल के बाहर भाजपा समर्थकों ने शिवराज सिंह चौहान का काफिला रुकवाया। साथ ही बड़ी संख्या में समर्थक शिवराज सिंह चौहान से मिले। मामा-मामा के नारे लगाकर महिलाएं युवा शिवराज सिंह चौहान से मिलने पहुंचे। कई लोग तो ये कहते भी दिखाई दिए मामाजी आपने अपने भांजे-भांजियों को छोड़ दिया।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें