चुनाव के दौरान नियुक्त किया था राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग का अध्यक्ष
भोपाल। पूर्व मंत्री रामकृष्ण कुसमरिया ने आज राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग कार्यालय पहुंचकर अध्यक्ष पद का कार्यभार संभाल लिया। उनकी नियुक्ति चुनाव के दौरान की थी।रामकृशण कुसमरिया विधानसभा चुनाव के दौरान दमोह और पथरिया से दावेदारी कर रहे थे। वे पूर्व में भी भाजपा का दामन छोड़ चुके थे, मगर बाद में फिर से भाजपा में वापसी कर ली थी। इसके बाद इस बार विधानसभा में उनकी दावेदारी को देखते हुए पार्टी ने भीतरघात की आशंका के चलते उन्हें राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग का अध्यक्ष बना दिया था। इसके बाद उन्होंने दावेदारी छोड़ दी थी। चुनाव परिणाम में दोनों ही सीटों पर भाजपा को जीत हासिल हुई। उनकी यह नियुक्ति 8 अक्टूबर को आचार संहिता के पहले की गई थी। बाद में उन्होंने कार्यभार नहीं संभाला था। इसके बाद अब जब नई सरकार बन गई और प्रदेश के नए मुख्यमंत्री के रूप में मोहन यादव ने आज मुख्यमंत्री पद की ष्शपथ ले ली तो कुसमरिया ने भी राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग कार्यालय पहुंचकर अध्यक्ष पद का कार्यभार संभाल लिया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद कुसमरिया ने कहा कि वे शीघ्र ही जिलों का दौरा कर पिछड़ा वर्ग के कल्याण से संबंधित योजनाओं की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही वे पिछड़ा वर्ग से जुड़े स्थानीय जन-प्रतिनिधियों से चर्चा कर उनकी दिक्कतों को समझेंगे और सुझाव प्राप्त करेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें