शनिवार, 9 दिसंबर 2023

हारे विधायकों को आवास खाली करने लिखा पत्र


भोपाल। प्रदेश में नए विधायकों के लिए आवास आवंटन करने के लिए गृह विभाग ने हारे हुए विधायकों और मंत्रियों को जल्द ही बंगले और आवास खाली करने को कहा है। इसे लेकर गृह विभाग ने सभी को पत्र लिखकर दस दिन के अंदर आवास खाली करने का आग्रह किया है। 

गृह विभाग ने हारे हुए पूर्व मंत्रियों और विधायकों की सूची तैयार कर ली है, जिसमें जीतू पटवारी, हर्ष यादव, लक्ष्मण सिंह, प्रवीण पाठक, रवींद्र सिंह तोमर जालम सिंह पटेल, केपी त्रिपाठी नाम शामिल है। जिन्हें बंगले खाली करने होंगे। भाजपा-कांग्रेस के 96 विधायक ऐसे हैं, जो चुनाव हार गए। जबकि 34 विधायक ऐसे हैं, जिनके दोनों दलों से टिकट कटे। शिवराज सरकार के 31 मंत्रियों में से 12 को हार का मुंह देखना पड़ा।

विधानसभा के प्रमुख सचिव एपी सिंह ने मतगणना से पहले ही चुनाव न लड़ने वाले विधायकों को पत्र लिखकर नई विधानसभा गठन तक आवास खाली करने को कहा था। पत्र में लिखा कि विधानसभा सचिवालय के पास सीमित आवास है। नरसिंहगढ़ से विधायक रहे राज्यवर्धन सिंह, सारंगपुर से कुंवरजी कोठार, बागली से पहाड़ सिंह कन्नौजे, खंडवा से देवेन्द्र वर्मा, पंधाना से राम दांगोरे, नेपानगर से सुमित्रा कास्डेकर, जोबट से सुलोचना राव, इंदौर-3 आकाश विजयवर्गीय, उज्जैन उत्तर से पारस जैन, रतलाम ग्रामीण से दिलीप मकवाना को बंगला खाली करने के लिए कहा गया था।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें