गुरुवार, 21 दिसंबर 2023

प्रदेश कांग्रेस में अभी नहीं होगा बदलाव, बने रहेंगे पदाधिकारी


भोपाल। प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी साफ कर दिया कि प्रदेश कांग्रेस में अभी किसी तरह का बदलाव नहीं होगा। सभी पदाधिकारी अपने वर्तमान पदों पर बने रहेंगे और पार्टी के लिए काम करते रहेंगे। 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद कयास इस बात के लगाए जा रहे थे कि जीतू पटवारी संगठन और कार्यालय में पदस्थ पदाधिकारियों में बदलाव करेंगे, मगर उन्होंने साफ कर दिया कि अभी कोई बदलाव नहीं किया जा रहा है। सभी पदाधिकारी अपने वर्तमान पदों पर बनें रहेंगे। मीडिया और सोशल मीडिया सेल समेत जिला स्तर पर पदाधिकारियों की जो नियुक्तियां की गई हैं, वे पूर्व की तरह काम करती रहेंगी। माना जा रहा है कि पटवारी जल्दबाजी नहीं करना चाह रहे है। इन दिनों पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ देश से बाहर हैं और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी दिल्ली में है। वे दोनों नेताओं के साथ बातचीत कर ही कोई बदलाव करेंगे। 

गौरतलब है कि पार्टी दिशानिर्देशों के अनुसार नए पार्टी अध्यक्ष के आने के साथ ही पुरानी समिति भंग हो जाती है, क्योंकि उसे नई नियुक्तियाँ करने की शक्ति दी जाती है। हालांकि पटवारी ने फिलहाल बदलाव की बातों को लेकर साफ कर दिया कि अभी वे कोई बदलाव नहीं कर रहे हैं। 

कांग्रेस का प्रदर्शन आज

लोकसभा-राज्यसभा के 142 सांसदों के निलंबन के विरोध में कांग्रेस 22 दिसंबर को प्रदेश भर में प्रदर्शन करेगी। सभी जिलों में विरोध प्रदर्शन  किया जाएगा। एआईसीसी के निर्देश पर ये प्रदर्शन किया जा रहा है।  प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश के सभी जिला, शहर कांग्रेस अध्यक्षों, जिला प्रभारियों, मोर्चा संगठनों और विभागों के अध्यक्षों को भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा है कि उक्त प्रदर्शन को प्रभावी बनाने के लिए प्रदेश, जिला, ब्लाक पदाधिकारी, सांसद, विधायक, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि, मोर्चा संगठन, विभागों, प्रकोष्ठों के जिला एवं प्रदेश पदाधिकारी, वरिष्ठ कांग्रेसजनों एवं कार्यकर्ताओं की अधिकाधिक उपस्थिति सुनिश्चित करें। 


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें