शुक्रवार, 22 दिसंबर 2023

देश में लोकतंत्र खतरे में : जीतू पटवारी


कांग्रेस ने प्रदर्शन कर दिया धरना

भोपाल। लोकसभा और राज्यसभा से सांसदों के निलंबन के विरोध में कांग्रेस ने आज राजधनी में धरना प्रदर्शन किया। कांग्रेस के बड़े नेता शामिल है। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भारत के लोकतंत्र की दुनिया में मिसाल दी जाती है। इसका अनुशरण कई देशों में किया जाता है। आज हमारा लोकतंत्र ही खतरे में नजर आ रहा है। सत्ता और विपक्ष देश की उन्नति के लिए दो पटरियां हैं। आज भारत की चुनाव प्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने धरने को संबोधित करते हुए कहा कि आम नागरिक का अपने विचारों को स्वतंत्रता से रखना लोकतंत्र की खासियत है। सत्ता और विपक्ष देश की आर्थिक, सामाजिक, राजनैतिक विकास के लिए 2 पटरियां है। केंद्र सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है। मैं मानता हूं कि विधानसभा और लोकसभा लोकतंत्र का मंदिर है। जनता को भरोसा होता है कि अगर लोकसभा या विधानसभा में सवाल उठा है तो उसका निराकरण होगा। बीजेपी ने इस विश्वास को चकनाचूर किया है। मुझे भी बिना कारण विधानसभा से निलंबित किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने नेताओं की ही नही सुन रहे, मुख्यमंत्री चयन में तानाशाही हुई। सीएम के लिए किसी का चेहरा दिखाकर, दूसरे को मुख्यमंत्री बना दिया गया। शिवराज सिंह चौहान का चेहरा दिखाकर चुनाव लड़ा गया। यह लोकतंत्र की हत्या नहीं तो क्या है ? अपनी पार्टी में ही प्रधानमंत्री मोदी तानाशाही ला रहे है। क्या विधायकों के मन से मुख्यमंत्री का चयन हुआ ? सत्ता और विपक्ष की बात आएं तो संसद से बाहर फेंक देना। अपनी पार्टी में चयन प्रक्रिया की बात आएं तो इस तरह काम करना।
कांग्रेस ना कभी झुकी है और ना कभी झुकेगी
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नेता कमल नाथ ने भाजपा पर निशाना साधा है। कमल नाथ ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्वीटर  पर लिखा कि संसद से विपक्षी सांसदों का तानाशाही तरीके से निलंबन किया जाना लोकतंत्र के लिए बहुत बड़ा खतरा है। कांग्रेस पार्टी इस तरह की तानाशाही का हर स्तर पर विरोध करेगी। कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आज पूरे मध्य प्रदेश में निलंबन के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। देश को तानाशाही से दबाने की कोशिश करने वाले समझ लें कि कांग्रेस ना कभी झुकी है और ना कभी झुकेगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें